नई दिल्ली, 20 नवंबर। पश्चिम जिला पुलिस ने 60 लाख रुपये की फिरौती के मामले का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के भाई अनमोल बिश्नोई के नाम पर धमकी देकर फिरौती मांगी थी।
जनकपुरी निवासी जतिन गाबा ने थाने में शिकायत दी थी कि उनके परिवार को व्हाट्सएप पर 60 लाख रुपये की फिरौती के लिए धमकी भरे मैसेज मिल रहे हैं। साथ ही उनके घर पर एक लिफाफा भी पहुंचा, जिसमें लैमिनेट किया हुआ 10 रुपये के नोट का आधा हिस्सा था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए इंस्पेक्टर सुहैब फारूकी, एसएचओ जनकपुरी के नेतृत्व में टीम गठित की गई। टीम में इंस्पेक्टर चेतन सिंह, एसआई अवंत, हेड कांस्टेबल रामकिशन, अंकित और बाबूलाल शामिल थे। टीम की निगरानी एसीपी राजौरी गार्डन शरत चंद्र निर्मल कर रहे थे।
टीम ने घर और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले तो रैपिडो राइडर पंकज गौतम (22) की पहचान हुई। पूछताछ में उसने बताया कि उसे मानेसर, गुरुग्राम से एक ऑनलाइन बुकिंग के जरिए लिफाफा पहुंचाने का काम मिला था।
तकनीकी जांच में एक और मोबाइल नंबर मिला, जो रायबरेली निवासी आशु मौर्य (27) के नाम पर था। पुलिस ने उसे मानेसर से गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसे पैसों की जरूरत थी। उसके पिता पिछले 27 साल से शिकायतकर्ता के यहां ड्राइवर का काम करते हैं, इसलिए वह परिवार को जानता था। डर पैदा करने के लिए उसने अनमोल बिश्नोई बनकर धमकी दी।
आरोपी ने 10 रुपये का नोट लैमिनेट कर दो हिस्सों में काटा। एक हिस्सा लिफाफे में रखकर रैपिडो राइडर के जरिए घर भिजवाया और दूसरा हिस्सा अपने पास रखा। इसके बाद शिकायतकर्ता की पत्नी के मोबाइल पर व्हाट्सएप से धमकी भरे मैसेज भेजे।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चार मोबाइल फोन, एक वनप्लस टैबलेट, सिम कार्ड, लैमिनेटेड 10 रुपये के नोट का बचा हुआ आधा हिस्सा और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। आगे की जांच जारी है।