नई दिल्ली: राजधानी के सिविक सेंटर को आज सुबह बम से उड़ाने की धमकी भरा ई-मेल मिलने से हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार आज सुबह लगभग 10:11 बजे सिविक सेंटर सिक्योरिटी अथॉरिटी को एक धमकी भरा ई-मेल प्राप्त हुआ, जिसे तुरंत दिल्ली पुलिस के साथ साझा किया गया।
सूचना मिलते ही थाना कमला मार्केट की टीम, लोकल पुलिस और सिविक सेंटर की सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे परिसर का गहन निरीक्षण किया। कंट्रोल रूम के माध्यम से बीडीएस, मध्य जिला को भी एंटी-सबोटाज चेक (ASC) के लिए सूचित किया गया।
एंटी-सबोटाज चेक के दौरान परिसर में कोई भी संदिग्ध वस्तु या पदार्थ नहीं मिला।
पुलिस के मुताबिक, थाना कमला मार्केट इस मामले में आगे की जांच कर रही है, जिसमें धमकी भरे ई-मेल के स्रोत और अन्य विवरणों की पड़ताल की जा रही है। मध्य जिले की साइबर सेल भी ई-मेल और उसके ओरिजिन की तकनीकी जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई कर रही है।
फिलहाल परिसर में स्थिति पूरी तरह सामान्य है।