नई दिल्ली, 19 अक्टूबर 2026
पश्चिमी जिला पुलिस ने स्नैचिंग की वारदात को अंजाम देने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान टैगोर गार्डन निवासी विशाल (26) और विनय उर्फ कान्हा (20) के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, 17 अक्टूबर को पंजाबी बाग थाने में एक महिला ने शिकायत दी थी कि वह रोड नंबर 77, टी-प्वाइंट पर रैपिडो का इंतजार कर रही थी, तभी बाइक सवार दो युवकों ने पीछे से आकर उसके हाथ से दो मोबाइल – Vivo V19 और Redmi A5 – छीन लिए और क्लब रोड की तरफ फरार हो गए। इस पर थाना पंजाबी बाग में FIR No. 507/2026 दर्ज की गई।
मामले की जांच के लिए SI मुकेश यादव, इंचार्ज PP मादीपुर के नेतृत्व में HC आशीष, HC सन्नी, HC परवीन और HC ज्योति प्रकाश की टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे कई CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज और लोकल इंटेलिजेंस के आधार पर आरोपियों की पहचान कर जिला पार्क, पश्चिम पुरी के पास से दोनों को पकड़ा गया।
पूछताछ में आरोपियों के पास से लूटी गई बाइक DL11PQ3661 और दोनों छीने हुए मोबाइल बरामद हुए। इसके अलावा दो अन्य मोबाइल – Poco M5 और Motorola Edge भी बरामद हुए, जो जांच में e-FIR No. 80085045 में दर्ज घर में चोरी के मामले से जुड़े निकले। इस तरह पुलिस ने स्नैचिंग और चोरी के दो मामले सुलझा लिए।
पुलिस के मुताबिक आरोपी विशाल पहले भी स्नैचिंग के एक मामले में शामिल रहा है।
बरामदगी –
- 2 छीने हुए मोबाइल (Vivo V19, Redmi A5) • चोरी के 2 मोबाइल (Poco M5, Motorola Edge) • वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल DL11PQ3661