नई दिल्ली, 20 जुलाई 2026
नशा मुक्त दिल्ली 2027 के लक्ष्य के तहत दिल्ली पुलिस ने आज 10वां मेगा ड्रग डिस्ट्रक्शन इवेंट आयोजित किया।
दिल्ली पुलिस क्राइम ब्रांच के स्पेशल कमिश्नर एच.जी.एस. धालीवाल, IPS के नेतृत्व में और उपराज्यपाल सरदार तरनजीत सिंह संधू के मार्गदर्शन में आयोजित इस अभियान में कुल 1452 किलोग्राम मादक पदार्थ नष्ट किए गए, जिनकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 897 करोड़ रुपये आंकी गई है।
गौरव गुप्ता, डीसीपी, एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स क्राइम ब्रांच, दिल्ली के मुताबिक 20 जुलाई 2026 को नष्ट की गई ड्रग्स में 1010 किलो मेथामफेटामाइन, 135 किलो हेरोइन, 62 किलो चरस, 37 किलो गांजा, 91 किलो पोस्त की भूसी समेत 15 लाख से अधिक ट्रामाडोल टैबलेट और 36 हजार से अधिक कोडीन सिरप की बोतलें शामिल हैं।
इस मौके पर धालीवाल ने कहा कि यह सिर्फ जब्त ड्रग्स को नष्ट करने की कार्रवाई नहीं, बल्कि युवाओं और समाज को बर्बाद करने वाले इको-सिस्टम को ध्वस्त करने का अभियान है। यह प्रधानमंत्री के ‘नशा मुक्त भारत’ और गृह मंत्री की ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के अनुरूप है।
उल्लेखनीय है कि इस अभियान के शुरू होने के बाद से अब तक दिल्ली पुलिस कुल 49,663 किलो ड्रग्स नष्ट कर चुकी है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय कीमत 14,799 करोड़ रुपये है।
आज 20 जुलाई 2026 का कार्यक्रम बायोटिक वेस्ट सॉल्यूशंस प्रा. लि., जीटी करनाल रोड, जहांगीरपुरी में आयोजित किया गया। इसमें स्पेशल सेल, नॉर्थ-वेस्ट, रोहिणी और वेस्ट जिले द्वारा जब्त ड्रग्स को नष्ट किया गया।