दिल्ली पुलिस ने चलाया बालिका सुरक्षा जागरूकता अभियान, 151 स्कूलों की 400 छात्राएं हुईं शामिल

नई दिल्ली, 13 जुलाई। आउटर-नॉर्थ जिले में बाल सुरक्षा जागरूकता माह के तहत आज रोहिणी सेक्टर-16 स्थित शहीद सुखदेव कॉलेज ऑफ बिजनेस स्टडीज में मेगा गर्ल चाइल्ड काउंसलिंग सत्र का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि संयुक्त पुलिस आयुक्त, उत्तरी रेंज श्री विजय सिंह रहे। इस सत्र में जिले के 151 स्कूलों की 400 से अधिक छात्राओं, शिक्षकों और एनजीओ प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।

कार्यक्रम की थीम “सुरक्षित बालिका और सुरक्षित भविष्य” रही। सत्र के दौरान छात्राओं को व्यक्तिगत सुरक्षा, साइबर सुरक्षा, कानूनी अधिकार और आत्मरक्षा के गुर सिखाए गए।

पहल एनजीओ द्वारा गुड टच-बैड टच और आपदा प्रबंधन, अनाज फाउंडेशन द्वारा साइबर अपराध से बचाव और अधिवक्ताओं द्वारा जीरो एफआईआर व डिजिटल एविडेंस पर जानकारी दी गई। वहीं परिवर्तन टीम ने रोजमर्रा की चीजों से आत्मरक्षा का प्रदर्शन किया।

मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में नाबालिगों की सुरक्षा के लिए दिल्ली पुलिस की प्रतिबद्धता दोहराई और सामुदायिक सतर्कता पर जोर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *