नई दिल्ली, 15 जुलाई 2026
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल (दक्षिण-पश्चिमी रेंज) ने कुख्यात मंजीत महल गैंग के शार्प शूटर गैंगस्टर लोकेश उर्फ सूर्या को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से एक ऑटोमेटिक रिवॉल्वर और 6 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। राजस्थान पुलिस ने इस पर 20,000 रुपये का इनाम घोषित कर रखा था।
डीसीपी (SWR/ स्पेशल सेल) नारा चैतन्य, आईपीएस द्वारा मिली जानकारी के अनुसार, स्पेशल सेल को सूचना मिली थी कि भिवाड़ी केस में फरार चल रहा इनामी बदमाश गुरुग्राम में आने वाला है।
सूचना पर एसीपी पूरन चंद पंत की देखरेख में इंस्पेक्टर मनेंद्र सिंह की टीम ने 11-12 जुलाई की रात को गुरुग्राम के सेक्टर-29 में जाल बिछाया। 12 जुलाई की सुबह करीब 07:00 बजे सेक्टर-29 मार्केट से आरोपी को धर दबोचा गया।
गिरफ्तारी के बाद उसकी निशानदेही पर उसकी कार टोयोटा ग्लैंजा से लोडेड रिवॉल्वर बरामद हुई। इस संबंध में थाना स्पेशल सेल में FIR No. 166/2026, दिनांक 13.07.2026, धारा 25 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
आरोपी की उम्र 33 साल है। वह मूल रूप से चरखी दादरी, हरियाणा का रहने वाला है और वर्तमान में गोपाल नगर, नजफगढ़, दिल्ली में रहता था। उसने दिल्ली से ग्रेजुएशन की है। पुलिस के मुताबिक वह 2014 से अपराध की दुनिया में सक्रिय है।
पुलिस के अनुसार लोकेश पर हत्या, हत्या के प्रयास, फिरौती, डकैती जैसे 20 से अधिक मामले दर्ज हैं।
पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी से दिल्ली-एनसीआर में होने वाली कई गंभीर वारदातों को टाल दिया गया है।