नई दिल्ली: मध्य जिला के जामा मस्जिद थाना पुलिस ने गश्त के दौरान एक शातिर हिस्ट्रीशीटर और पेशेवर वाहन चोर को चोरी की स्कूटी के साथ गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, 24 अगस्त को हेड कांस्टेबल धर्मेंद्र और हेड कांस्टेबल हरेंद्र क्षेत्र में गहन गश्त और संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान एक व्यक्ति को संदिग्ध हालत में स्कूटी पर घूमते देखा गया। रोककर पूछताछ करने पर उसकी पहचान संदीप निवासी कल्याणपुरी, दिल्ली के रूप में हुई।
जांच में पता चला कि आरोपी कल्याणपुरी थाने का सक्रिय बीसी (Bad Character) है और पूर्वी जिले में लूट, झपटमारी और चोरी के 11 मामलों में शामिल रहा है। उसके कब्जे से बरामद स्कूटी ई-एफआईआर नंबर 019729 दिनांक 22.08.2026, थाना सीमापुरी में चोरी की पाई गई।
आरोपी को बीएनएसएस की धारा 35(1)(e) के तहत गिरफ्तार किया गया है, वहीं स्कूटी को धारा 106 बीएनएसएस के तहत जब्त कर सीमापुरी थाने को सूचना दे दी गई है। आरोपी से पूछताछ में खुलासा हुआ कि वह जामा मस्जिद इलाके में वाहन चोरी की नीयत से घूम रहा था।
पुलिस टीम की सतर्कता से एक और वाहन चोरी की वारदात होने से टल गई।