नई दिल्ली, 23 जून 2026
द्वारका जिले की एंटी नारकोटिक्स सेल ने मैट्रिमोनियल साइटों के जरिए भोली-भाली महिलाओं को शादी का झांसा देकर ठगने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने इस मामले में एक ओवरस्टे करने वाले विदेशी नागरिक और उसकी लिव-इन पार्टनर को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपी
- कोउडियो विक्टर एनडा – उम्र 36 वर्ष, निवासी आबिदजान, आइवरी कोस्ट 2. एनेई कोन्याक – उम्र 30 वर्ष, पुत्री आतोह कोन्याक, निवासी तिजित, नागालैंड
कैसे करते थे ठगी
पुलिस उपायुक्त श्री कुशल पाल सिंह, आईपीएस के निर्देश पर एसीपी/ऑपरेशंस सेल श्री सुभाष मलिक की देखरेख में इंस्पेक्टर कमलेश कुमार के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई की। जांच में सामने आया कि आरोपी मैट्रिमोनियल साइटों के जरिए महिलाओं से संपर्क कर शादी का झांसा देते थे और पैसे ऐंठते थे।
विदेशी नागरिक पर शक न हो, इसलिए नागालैंड की रहने वाली एनेई कोन्याक अलग-अलग एटीएम से ठगी की रकम निकालती थी। वही ठगी के शिकार लोगों को कॉल भी करती थी।
एंटी नारकोटिक्स सेल की टीम ने हसल विहार, होली चौक, उत्तम नगर स्थित एक मकान पर छापा मारकर दोनों को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से 04 डेबिट कार्ड, 01 लैपटॉप, 05 मोबाइल फोन और 01 पासपोर्ट बरामद हुए हैं।
समन्वय पोर्टल पर जांच करने पर बरामद डेबिट कार्ड से असम के डिब्रूगढ़ स्थित छाबुआ थाने की साइबर शिकायत संख्या 30403260003938 का लिंक मिला। आरोपियों के मोबाइल से कई बैंक खातों की डिटेल भी मिली, जो साइबर शिकायत संख्या 31902260032823 से जुड़ी है।
इस संबंध में थाना उत्तम नगर में एफआईआर संख्या 260/2026 दिनांक 16.06.2026, धारा 318(4)/61(2) बीएनएस तथा 23(A) द इमिग्रेशन एंड फॉरेनर एक्ट 2025 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी पहले किसी आपराधिक मामले में शामिल नहीं रहे हैं।
पुलिस उपायुक्त कुशल पाल सिंह ने बताया कि इस साइबर ठगी सिंडिकेट में शामिल अन्य लोगों की तलाश जारी है। टीम में एसआई नवीन कुमार, महिला एएसआई सोनू, हेड कांस्टेबल गोपाल यादव, हेड कांस्टेबल महिपाल, कांस्टेबल राहुल और कांस्टेबल मुकेश शामिल थे।