राशिद हत्याकांड: पुलिस मुठभेड़ में वांछित हारून सैफी गिरफ्तार, पिस्टल और स्कूटी बरामद

नई दिल्ली, 23 जून: राजधानी दिल्ली के चर्चित राशिद हत्याकांड में दिल्ली पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। उत्तर-पूर्वी जिले की स्पेशल स्टाफ टीम ने वांछित आरोपी हारून सैफी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके जवाब में हुई संक्षिप्त मुठभेड़ के बाद उसे दबोच लिया गया।


ज्वाइंट कमिश्नर पूर्वी जिला अजीत सिंगला ने बताया कि स्पेशल स्टाफ टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि राशिद हत्याकांड का वांछित आरोपी हारून सैफी सिग्नेचर ब्रिज और खजूरी खास मेट्रो स्टेशन के बीच मौजूद है। सूचना पर तुरंत कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान चलाया।

पुलिस के मुताबिक खुद को घिरा देख आरोपी ने बचने के लिए पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। कुछ देर चली मुठभेड़ के बाद आरोपी को काबू कर लिया गया। इस दौरान किसी पुलिसकर्मी के घायल होने की सूचना नहीं है।


डीसीपी उत्तर-पूर्वी जिला राहुल अलवाल ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी हारून सैफी भागीरथी विहार का रहने वाला है। वह थाना दयालपुर में दर्ज चर्चित राशिद हत्याकांड में वांछित था। आरोप है कि उसने दिनदहाड़े राशिद को 20 गोलियां मारकर मौत के घाट उतार दिया था।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार हारून पर पहले से करीब एक दर्जन आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें हथियारों की तस्करी के अलावा तीन हत्या के प्रयास के मामले भी शामिल हैं। आरोपी दिल्ली के साथ हरियाणा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी वांछित चल रहा था।


पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक सेमी-ऑटोमैटिक पिस्टल, दो जिंदा कारतूस और वारदात में इस्तेमाल की जा रही एक स्कूटी बरामद की है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी को हथियार किसने मुहैया कराए और हत्या के पीछे की असल वजह क्या थी।

फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ में राशिद हत्याकांड से जुड़े कई और अहम खुलासे हो सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *