पंजाबी बाग में पेड़ पर चढ़ा शेल्टर होम कर्मी, बकाया वेतन न मिलने से आहत होकर आत्महत्या की कोशिश

नई दिल्ली। राजधानी के पंजाबी बाग इलाके में आज सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक 51 वर्षीय व्यक्ति आत्महत्या करने के इरादे से पेड़ पर चढ़ गया। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर उसे सकुशल नीचे उतारा।

पुलिस के अनुसार, आज सुबह करीब 11 बजे IPE पर PCR कॉल प्राप्त हुई कि क्लब रोड, पंजाबी बाग स्थित भारत पेट्रोल पंप के पास सैन बसेरा में रहने वाला राम सबाद पुत्र अयोध्या प्रसाद उम्र 51 साल पेड़ पर चढ़ा हुआ है।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। इलाके को सुरक्षित किया गया और व्यक्ति को समझाने-बुझाने का प्रयास शुरू किया गया। काफी देर तक चली बातचीत के बाद पुलिस स्टाफ और फायर ब्रिगेड की मदद से उसे बिना किसी चोट के सुरक्षित नीचे उतार लिया गया।

पूछताछ के दौरान राम सबाद ने बताया कि वह DUSIB द्वारा शेल्टर होम के प्रबंधन के लिए नियुक्त NGO “सेफ अप्रोच” के लिए काम करता है। आरोप है कि NGO ने लंबे समय से उसका बकाया भुगतान नहीं किया है, जिससे परेशान होकर उसने यह कदम उठाया।

पुलिस ने बताया कि मामले के संबंध में NGO के प्रतिनिधियों और संबंधित अधिकारियों से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन बार-बार कॉल करने के बावजूद कोई उपलब्ध नहीं हो सका।

फिलहाल पुलिस ने राम सबाद को समझा-बुझाकर और उसकी शिकायत पर उचित कार्रवाई का आश्वासन देकर स्थिति को नियंत्रण में कर लिया है। किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना नहीं हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *