नई दिल्ली, 26 जुलाई।
मध्य जिला पुलिस के पहाड़गंज थाना पुलिस ने चोरी के मामले में लंबे समय से फरार घोषित अपराधी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान सुहैल उर्फ नईम (30) निवासी लक्ष्मी नगर के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी थाना शकरपुर के एफआईआर नंबर 52/18 धारा 356/379/411/34 IPC में वांछित था और 01.02.2018 को माननीय अदालत ने उसे भगोड़ा घोषित किया था। वह लगातार न्यायिक कार्यवाही से बच रहा था।
डीसीपी सेंट्रल रोहित राजबीर सिंह ने बताया कि SHO पहाड़गंज के नेतृत्व में HC निरंजन और कांस्टेबल दिलराज की टीम ने मैनुअल सर्विलांस और स्थानीय सूचना के आधार पर कार्रवाई की। 25 जुलाई को सूचना मिली कि आरोपी लक्ष्मी नगर मेट्रो स्टेशन के पास मौजूद है, जिसके बाद टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।
जांच में पता चला है कि आरोपी शकरपुर के ही एक अन्य चोरी के मामले FIR No. 25119/18 में भी शामिल रहा है।