अशोक कुमार निर्भय
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के देश के प्रधानमंत्री के रूप में 12 वर्ष पूरे होने के अवसर पर पश्चिमी दिल्ली के मादीपुर क्षेत्र में भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा विशेष धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मादीपुर मंडल भाजपा अध्यक्ष प्रदीप यादव के नेतृत्व में मादीपुर गांव स्थित पांडवकालीन प्राचीन शिव मंदिर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु, समृद्धि तथा राष्ट्र निर्माण के संकल्प की सफलता के लिए विशेष पूजा-अर्चना और वैदिक अनुष्ठान संपन्न कराया गया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय नागरिकों ने भाग लेकर प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश की प्रगति, विकास और सांस्कृतिक पुनर्जागरण की दिशा में किए गए कार्यों का स्मरण किया। इस अवसर पर उपस्थित वक्ताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने पिछले 12 वर्षों में वैश्विक स्तर पर अपनी नई पहचान स्थापित की है। देश ने आर्थिक, सामाजिक, तकनीकी और सांस्कृतिक क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं, जिसके कारण भारत आज विश्व मंच पर अधिक आत्मविश्वास के साथ अपनी बात रख रहा है।
मंदिर परिसर में आयोजित पूजा-अर्चना के दौरान राष्ट्र की समृद्धि, सुरक्षा, सामाजिक समरसता और विकास के लिए विशेष प्रार्थना की गई। श्रद्धालुओं और कार्यकर्ताओं ने भगवान शिव से देश को निरंतर प्रगति के पथ पर आगे बढ़ाने तथा प्रधानमंत्री मोदी को राष्ट्र सेवा के लिए शक्ति और स्वास्थ्य प्रदान करने की कामना की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मादीपुर मंडल भाजपा अध्यक्ष प्रदीप यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने कार्यकाल में सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण को प्राथमिकता दी है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने देश की सांस्कृतिक विरासत को सशक्त करने के साथ-साथ विकास और राष्ट्रवाद को नई दिशा दी है। भारत की प्राचीन परंपराओं, धार्मिक स्थलों और सांस्कृतिक धरोहरों को सम्मान दिलाने के लिए भी केंद्र सरकार ने अनेक ऐतिहासिक कदम उठाए हैं। इसी भावना के तहत प्रधानमंत्री के 12 वर्ष पूर्ण होने पर यह विशेष पूजा-अर्चना आयोजित की गई है।
दिल्ली प्रदेश भाजपा की उपाध्यक्ष श्रीमती सुनीता कांगड़ा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत ने विश्व की प्रमुख शक्तियों में अपना स्थान मजबूत किया है। उन्होंने कहा कि देश में गरीब, किसान, महिला, युवा और वंचित वर्गों के उत्थान के लिए अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं लागू की गई हैं, जिनका लाभ करोड़ों लोगों तक पहुंचा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से राष्ट्रहित और जनसेवा के कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
प्रदेश अनुसूचित जाति मोर्चा के अध्यक्ष मोहन लाल गिहारा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने सामाजिक न्याय और समावेशी विकास की अवधारणा को मजबूत किया है। उन्होंने कहा कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने का जो अभियान शुरू किया गया, उसने शासन व्यवस्था में नई पारदर्शिता और विश्वास पैदा किया है।
इस अवसर पर भाजपा मादीपुर मंडल महामंत्री ताराचंद दोताणिया, संजीव सोनकर, पूर्व मंडल अध्यक्ष रमेश यादव, भाजपा नेता धर्मवीर ठगेला, मंडल उपाध्यक्ष नरेश अटल, मिश्री लाल खोरवाल, पुखराज खोरवाल, बाबूलाल भागवत, श्रीमती शोभा सहित अनेक वरिष्ठ कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम में सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ताओं ने श्रद्धापूर्वक पूजा-अर्चना में भाग लिया और देश की उन्नति, सामाजिक एकता तथा विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए सामूहिक प्रार्थना की।
धार्मिक वातावरण और राष्ट्रभक्ति की भावना से ओत-प्रोत इस आयोजन में उपस्थित लोगों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकसित, आत्मनिर्भर और सांस्कृतिक रूप से सशक्त भारत के निर्माण के संकल्प को दोहराया। कार्यक्रम के समापन पर सभी श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया तथा राष्ट्र की निरंतर प्रगति और जनकल्याण के लिए मंगलकामनाएं व्यक्त की गईं।