फर्जी होटल बुकिंग व कस्टमर केयर साइबर ठगी गिरोह का भंडाफोड़, तीन गिरफ्तार

नई दिल्ली, 26 नवंबर। मध्य जिला साइबर पुलिस ने अंतरराज्यीय फर्जी होटल बुकिंग व कस्टमर केयर साइबर ठगी सिंडिकेट का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को जयपुर से गिरफ्तार किया है। गिरोह से देशभर के 18 राज्यों में दर्ज 101 एनसीआरपी शिकायतें जुड़ी मिली हैं, जिनमें करीब 33 लाख रुपये की ठगी का आरोप है।

पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने गूगल पर बेंगलुरु के एक प्रतिष्ठित होटल के नाम से फर्जी नंबर डाल रखा था। 12 नवंबर को 61 वर्षीय वरिष्ठ नागरिक ने होटल में कमरा बुक करने के लिए गूगल से नंबर लेकर कॉल किया। आरोपी ने खुद को होटल का प्रतिनिधि बताकर मात्र 10 रुपये बुकिंग फीस के नाम पर पीड़ित से क्रेडिट कार्ड नंबर, सीवीवी व ओटीपी हासिल कर लिए और तीन ट्रांजेक्शन में कुल 1,58,764 रुपये ठग लिए।

इस संबंध में 13 नवंबर को ई-एफआईआर नंबर 360/2026, धारा 318(4)/319/61(2) बीएनएस के तहत साइबर थाना मध्य जिला में मामला दर्ज किया गया।

जांच में पता चला कि ठगी की रकम से दो तनिष्क गोल्ड कॉइन (5-5 ग्राम) और दो महंगे ब्रांडेड जैकेट ऑनलाइन खरीदे गए थे। गोल्ड कॉइन जयपुर में और जैकेट कामां/डीग, भरतपुर में डिलीवर होने थे। सभी नंबर बिहार, मध्य प्रदेश व उत्तर प्रदेश की म्यूल पहचान पर लिए गए म्यूल सिम थे।

एसआई कमलेश कुमार के नेतृत्व में एएसआई पंकज यादव, एचसी मानवीर सिंह (आईओ) व कांस्टेबल नितिन की टीम ने एसएचओ योगराज दलाल व एसीपी शिवम चौधरी के पर्यवेक्षण में तकनीकी विश्लेषण, सीसीटीवी जांच व फील्ड ट्रैकिंग के बाद जयपुर में गिरोह के ठिकाने पर छापा मारकर तीनों को दबोच लिया।

गिरफ्तार आरोपी :

  1. फैज (19), गांव मांची, जिला डीग (भरतपुर), राजस्थान
  2. नाजिम (21), गांव ओलंदा, जिला डीग (भरतपुर), राजस्थान
  3. विष्णु (21), गांव सुनहेरा, जिला डीग (भरतपुर), राजस्थान
  4. पुलिस रिमांड में पूछताछ के बाद ठगी की पूरी संपत्ति बरामद कर ली गई। इसमें 2 तनिष्क गोल्ड कॉइन, 2 महंगी ब्रांडेड जैकेट, 61,000 रुपये नकद, 8 मोबाइल फोन, बैंक अकाउंट किट व व्हाट्सऐप चैट समेत अहम डिजिटल सबूत शामिल हैं। बरामद फोन में कॉलिंग वाला फोन, गोल्ड डिलीवरी वाला फोन और फर्जी विज्ञापन चलाने वाला फोन भी है।

जांच में सामने आया कि नाजिम आदतन अपराधी है। उसके खिलाफ पहले से साइबर क्राइम एनआईटी फरीदाबाद, हरियाणा में एफआईआर नंबर 175/2024 दर्ज है।

101 शिकायतों का ब्योरा : महाराष्ट्र-27, गुजरात-10, दिल्ली-08, केरल-08, उत्तर प्रदेश-06, कर्नाटक-06, तमिलनाडु-05, हरियाणा-05, अन्य राज्य-26 (राजस्थान, पश्चिम बंगाल, गोवा, छत्तीसगढ़, उत्तराखंड, आंध्र प्रदेश, ओडिशा, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, तेलंगाना व पंजाब)।

पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि होटल बुकिंग या कस्टमर केयर के लिए गूगल पर दिख रहे नंबरों पर भरोसा न करें, आधिकारिक वेबसाइट या ऐप से ही नंबर लें। किसी भी हाल में कार्ड नंबर, सीवीवी, पिन व ओटीपी फोन पर साझा न करें। ठगी होने पर तुरंत हेल्पलाइन 1930 या www.cybercrime.gov.in पर शिकायत करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *