रोहिणी जिले में पुलिस की बड़ी कामयाबी, दो शातिर चोर गिरफ्तारचोरी का लैपटॉप, मोबाइल और गैस सिलेंडर बरामद

रोहिणी, 24 जून 2026: केएनके मार्ग थाना पुलिस ने इलाके में सक्रिय दो शातिर चोरों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी का एक लैपटॉप, एक मोबाइल फोन और एक गैस सिलेंडर बरामद किया है। इनकी गिरफ्तारी से कुल 6 आपराधिक मामलों का खुलासा हुआ है।


20 जून 2026 को हेड कांस्टेबल सुनील और सतेंदर की टीम सेक्टर-16, रोहिणी के डिस्ट्रिक्ट पार्क के पास गश्त पर थी। इसी दौरान दो संदिग्ध युवक दिखाई दिए, जिन्होंने पुलिस को देखकर भागने की कोशिश की। टीम ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को दबोच लिया।

पकड़े गए आरोपियों की पहचान 23 वर्षीय गौरव उर्फ लकी और 24 वर्षीय गुरप्रीत उर्फ शिवम दुबे के रूप में हुई। तलाशी में इनके पास से एक मोबाइल और एक लैपटॉप मिला, जो समयपुर बादली और केएनके मार्ग थाना क्षेत्रों से चोरी हुए थे।


सख्ती से पूछताछ में दोनों ने झपटमारी और चोरी की कई वारदातों में शामिल होने की बात कबूली। आरोपियों की निशानदेही पर एक चोरी का गैस सिलेंडर भी बरामद किया गया।

यह पूरी कार्रवाई इंस्पेक्टर आनंद दहिया, एसएचओ/केएनके मार्ग के नेतृत्व में हुई। पूरी मुहिम पर एसीपी प्रशांत विहार, श्री राम फूल मीना की निगरानी थी। पुलिस उपायुक्त रोहिणी जिला, शशांक जायसवाल, आईपीएस ने टीम के काम की सराहना की है। फिलहाल मामले में आगे की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *