नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच (WR-I) ने संगठित हिंसक अपराध के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल करते हुए शाहबाद डेयरी थाना क्षेत्र के ब्लाइंड हत्याकांड का खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
17/18 जून 2026 की दरमियानी रात शाहबाद दौलतपुर स्थित ‘ओह विलेज लॉज एंड बार’ में हिंसक झगड़ा हुआ था। बार में गाना बदलने को लेकर डीजे ऑपरेटर से विवाद के बाद दो युवकों पर चाकुओं से हमला किया गया था। दोनों घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जिनमें से एक युवक की 23 जून को इलाज के दौरान मौत हो गई। इसके बाद शाहबाद डेयरी थाने में FIR No. 350/2026 के तहत धारा 109(1) व 3(5) BNS में केस दर्ज किया गया। मृतक की मौत के बाद केस में धारा 103(1) BNS (हत्या) भी जोड़ दी गई।
शुरुआत में यह केस ‘ब्लाइंड मर्डर’ था, क्योंकि आरोपियों की पहचान और कोई ठोस सुराग नहीं था।
WR-I क्राइम ब्रांच की टीम ने ह्यूमन इंटेलिजेंस और तकनीकी सर्विलांस की मदद से जांच शुरू की। HC पवन को आरोपियों की गतिविधि की पुख्ता जानकारी मिली, वहीं HC हरजीत ने तकनीकी निगरानी से संदिग्धों की लोकेशन और आपसी संपर्क खंगाले।
24 जून 2026 को मिली सटीक सूचना पर इंस्पेक्टर प्रकाश चंद के नेतृत्व में SI सुमित कुमार, HC हरजीत सिंह और HC पवन कुमार की टीम बनाई गई। ACP राज कुमार की देखरेख और DCP क्राइम ब्रांच हर्ष इंदौरा, IPS के निर्देश पर टीम ने महावीर अस्पताल, परवाना रोड, रानी बाग के पास जाल बिछाया। वहां से दो संदिग्धों को दबोच लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी अभिषेक और. अश्विन दोनों वाई-ब्लॉक, मंगोलपुरी के रहने वाले हैं।
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने कबूला कि घटना वाली रात वे अपने साथियों के साथ ‘ओह विलेज’ में हुक्का पीने गए थे। गाना बदलने की बात पर डीजे से कहासुनी हुई और मौके पर मौजूद लोगों ने उनके साथ मारपीट की। इसके बाद वे मंगोलपुरी लौट गए।
बदला लेने की नीयत से दोनों ने अपने साथियों को बुलाया, चाकू लिए और दोबारा बार पहुंचे। वहां उन्होंने उन दो युवकों पर चाकू से कई वार किए, जिन्हें वे मारपीट के लिए जिम्मेदार मान रहे थे। वारदात के बाद सभी आरोपी फरार हो गए थे।
क्राइम ब्रांच के अनुसार, दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर संबंधित थाने को सूचित कर दिया गया है। मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका और पूरी घटना की कड़ियां जोड़ने के लिए जांच जारी है।
DCP क्राइम ब्रांच हर्ष इंदौरा, IPS ने कहा कि यह गिरफ्तारी संगठित हिंसक अपराध पर लगाम लगाने की दिशा में अहम कदम है। दिल्ली पुलिस जन सुरक्षा और प्रभावी कानून व्यवस्था के लिए प्रतिबद्ध है।
“दिल्ली पुलिस – सदैव सतर्क, सदैव मददगार, सदैव आपके साथ”