संगठित अपराध पर बड़ा प्रहार: हैरी बॉक्सर-अनिल पंडित सिंडिकेट के दो इनामी बदमाश पुलिस मुठभेड़ में ढेर, MCOCA के तहत केस दर्ज

नई दिल्ली, 5 जुलाई 2026:

पी.एस. कुशवाह, आईपीएस,अतिरिक्त पुलिस आयुक्त,स्पेशल सेल के मुताबिक दिल्ली में संगठित अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल और हरियाणा एसटीएफ ने संयुक्त ऑपरेशन में हैरी बॉक्सर-अनिल पंडित सिंडिकेट के दो खूंखार अपराधियों को मार गिराया। मृतकों पर हरियाणा पुलिस ने एक-एक लाख रुपये का इनाम घोषित कर रखा था। यह सिंडिकेट लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा हुआ है। लंबे समय तक अपराध पर अंकुश लगाने के लिए सिंडिकेट के खिलाफ MCOCA के तहत भी मुकदमा दर्ज किया गया है।
पहली घटना: बहादुरगढ़ में मुठभेड़, हांसी जिम ट्रेनर हत्याकांड के आरोपी ढेर
स्पेशल सेल को हरिराम उर्फ हैरी बॉक्सर-अनिल पंडित संगठित अपराध नेटवर्क से जुड़े दो वांछित अपराधियों – प्रवेश और हिमांशु, दोनों निवासी हिसार, हरियाणा – के बारे में खुफिया सूचना मिली थी। ये दोनों थाना स्पेशल सेल में दर्ज एफआईआर संख्या 156/26 में वांछित थे। इन पर हांसी, हरियाणा में जिम ट्रेनर की सीसीटीवी में कैद हुई नृशंस हत्या के मामले में एफआईआर संख्या 379/26, थाना सिटी हांसी भी दर्ज थी। हरियाणा पुलिस ने इन पर एक-एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया था।

आरोपियों की लोकेशन हरियाणा में मिलने पर स्पेशल सेल ने हरियाणा पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स के साथ संयुक्त ऑपरेशन शुरू किया। शनिवार को बहादुरगढ़ के बलौर के पास आरोपियों को घेरकर सरेंडर करने को कहा गया, लेकिन उन्होंने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाशों को गोली लगी। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

इस मुठभेड़ में स्पेशल सेल के कॉन्स्टेबल अंकित के पैर में गोली लगी है, जिनका इलाज चल रहा है। हरियाणा पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी, एफएसएल और क्राइम टीम मौके की जांच कर रहे हैं। इस संबंध में थाना सदर, बहादुरगढ़ में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
दूसरी घटना: गायक गुरु रंधावा के जिम पर फायरिंग करने वाले पकड़े गए थे 25 जून को
यह ऑपरेशन 25 जून को हुई एक अन्य मुठभेड़ के बाद अंजाम दिया गया। स्पेशल सेल ने 25/06/2026 को पश्चिम विहार पूर्व, दिल्ली में साहिबी नदी/नाला रोड के पास जाल बिछाकर हकीकत उर्फ साहिल और सागर, दोनों निवासी गांव रावड़ा, जिला सोनीपत, हरियाणा को पकड़ा था। ये दोनों भी हैरी बॉक्सर-अनिल पंडित सिंडिकेट के सदस्य हैं।

इन आरोपियों ने 11/06/2026 को पश्चिम विहार, दिल्ली स्थित गायक गुरु रंधावा के जिम ‘24 HS फिटनेस’ के बाहर अंधाधुंध फायरिंग की थी। 25 जून की मुठभेड़ में हकीकत उर्फ साहिल के दाहिने हाथ की कोहनी और सागर के बाएं घुटने में गोली लगी थी। दोनों को पहले संजय गांधी अस्पताल, मंगोलपुरी और फिर सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया। इस संबंध में थाना स्पेशल सेल में एफआईआर संख्या 156/26 धारा 221/132/109(1)/3(5) बीएनएस और 25/27 आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज है। स्वस्थ घोषित होने के बाद 02/07/2026 को इनकी पुलिस रिमांड ली गई और फिलहाल ये पुलिस हिरासत में हैं।
एक ही दिन हुई थीं दोनों वारदातें, पूछताछ से मिली कड़ी
हकीकत और सागर से लगातार पूछताछ में पता चला कि 11/06/2026 को ही हैरी बॉक्सर-अनिल पंडित सिंडिकेट के एक अन्य मॉड्यूल ने हांसी में जिम ट्रेनर की बेरहमी से हत्या की थी।

इसके बाद मानवीय, तकनीकी और सिग्नल इंटेलिजेंस के विश्लेषण तथा पेशेवर निगरानी के बाद प्रवेश और हिमांशु की पहचान हुई, जो स्पेशल सेल और हरियाणा एसटीएफ की संयुक्त टीम के साथ मुठभेड़ में मारे गए।
लंबी अवधि की कार्रवाई: MCOCA के तहत केस दर्ज
फील्ड ऑपरेशन के साथ-साथ दीर्घकालिक कार्रवाई के तहत इस सिंडिकेट के सरगना हरिराम जाट, अनिल पंडित और अन्य फरार अपराधियों को न्याय के कटघरे में लाने के लिए स्पेशल सेल थाने में MCOCA के तहत केस दर्ज किया गया है। इस जांच का फोकस सिंडिकेट के वित्तीय और लॉजिस्टिक नेटवर्क को तोड़ने तथा फरार अपराधियों को विदेशों में उनके सुरक्षित ठिकानों से जल्द से जल्द प्रत्यर्पित/निर्वासित कराने पर होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *