सीसीटीवी फुटेज से पकड़ा गया बाइक चोर, चोरी की स्प्लेंडर बरामद

मध्य जिला पुलिस की कमला मार्केट थाना टीम ने वाहन चोरी के एक मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए 25 वर्षीय ऑटो-लिफ्टर रमजान शेख को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से चोरी की हीरो होंडा स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की गई है।


21 अगस्त की रात करीब 11 बजे बुराड़ी निवासी एक 30 वर्षीय युवक ने श्रद्धानंद मार्ग, दुकान नंबर 3857 के सामने अपनी बाइक पार्क की थी। डेढ़ घंटे बाद लौटने पर बाइक गायब मिली। इस संबंध में ई-पुलिस स्टेशन कमला मार्केट में ई-एफआईआर नंबर 019979/26, धारा 305(b) BNS के तहत मामला दर्ज किया गया।


एसएचओ कमला मार्केट की देखरेख में HC बलदेव और Ct संवर की टीम का गठन किया गया। टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की बारीक से जांच की। फुटेज में एक संदिग्ध व्यक्ति पैदल बाइक को खींचकर ले जाता और बाद में रिक्शे पर लादता हुआ दिखा। आरोपी की पीठ पर कूबड़ होने से उसकी पहचान में मदद मिली।

स्थानीय सूत्र और लगातार पीछा करने के बाद 25 अगस्त को जीबी रोड इलाके से आरोपी रमजान शेख को दबोचा गया। पूछताछ में उसने बताया कि वह भिक्षावृत्ति कर गुजारा करता है और बाइक को बेचकर आसान पैसा कमाने की नीयत से उसने हैंडल लॉक तोड़कर चोरी की थी। इंजन खराब होने का बहाना बनाकर उसने बाइक को रिक्शे पर लादा था।

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर एमसीडी पार्किंग, जीबी रोड के पास सुनसान जगह से चोरी की बाइक बरामद कर ली। आरोपी आवारा किस्म का है और उसका कोई स्थायी ठिकाना नहीं है। आगे की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *