सीसीटीवी से खुला चोरी का राज, कमला मार्केट पुलिस ने दबोचा ऑटो-लिफ्टर

मध्य जिला पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। कमला मार्केट थाना पुलिस टीम ने तेज सीसीटीवी विश्लेषण और लगातार पीछा कर बाइक चोरी के आरोपी रमजान शेख को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से चोरी की हीरो होंडा स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की गई है।

बीते 21 अगस्त की रात करीब 11 बजे बुराड़ी निवासी एक युवक ने अपनी स्प्लेंडर बाइक शॉप नं. 3857, श्रद्धानंद मार्ग के सामने खड़ी की थी। डेढ़ घंटे बाद लौटने पर बाइक गायब मिली। इस पर ई-थाना कमला मार्केट में ई-एफआईआर नं. 019979/2026, धारा 305(b) BNS के तहत मामला दर्ज किया गया।


एसएचओ कमला मार्केट के नेतृत्व में HC बलदेव और Ct सांवर की टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज में एक संदिग्ध व्यक्ति बाइक को पैदल घसीटते और फिर रिक्शा पर लादकर ले जाते दिखा। संदिग्ध की पीठ पर कूबड़ होने से पहचान आसान हुई।

लोकल इंटेलिजेंस और गुप्त सूचना के आधार पर 25 अगस्त को जी.बी. रोड इलाके से आरोपी को दबोच लिया गया।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह भीख मांगकर गुजारा करता है। 21 अगस्त की रात उसे रेलवे दीवार के पास खड़ी बाइक दिखी तो हैंडल लॉक तोड़कर चोरी कर ली। इंजन खराब होने का बहाना बनाकर रिक्शा पर लादकर ले गया और एमसीडी पार्किंग, जी.बी. रोड के पास सुनसान जगह पर छिपा दी। वह बाइक बेचने की फिराक में था।

पुलिस ने बाइक बरामद कर ली है। आगे की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *