दिल्ली पुलिस / पश्चिमी जिला ने 30 लाख की फर्जी लूट का पर्दाफाश, शिकायतकर्ता ही निकला मास्टरमाइंड; मोती नगर पुलिस ने दो को दबोचा

नई दिल्ली। पश्चिमी जिले की मोती नगर थाना पुलिस ने 30 लाख रुपये की लूट की फर्जी कहानी का पर्दाफाश करते हुए शिकायतकर्ता और उसके साथी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने लूटी गई बताई गई पूरी रकम 30 लाख रुपये बैग समेत बरामद कर ली है। वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है।


बीते 02 अक्टूबर 2026 को थाना मोती नगर में जखीरा फ्लाईओवर के पास लूट की पीसीआर कॉल मिली। कॉल मिलते ही एसआई अंकुर स्टाफ के साथ मौके पर पहुंचे। मौके पर शिकायतकर्ता परवीन मल्होत्रा मिला, जो टीकरी कलां स्थित मदन लाल प्लास्टिक कंपनी में कैश कलेक्शन का काम करता है।

उसने पुलिस को बताया कि 01 अक्टूबर को उसने अपने मालिक के कहने पर तीन जगहों से 30 लाख रुपये कलेक्ट किए थे। मोटरसाइकिल से लौटते समय काले रंग की मोटरसाइकिल पर सवार तीन बदमाशों ने उसे रोका, कैश से भरा बैग छीना और ब्लेड से उसकी छाती पर वार कर घायल कर दिया।

इस संबंध में थाना मोती नगर में एफआईआर नंबर 423/2026, धारा 309(6)/3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएचओ मोती नगर और एसीपी पंजाबी बाग के निर्देशन में तथा हरकेश्वर वी स्वामी डीसीपी पश्चिमी जिले के पर्यवेक्षण में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम में एसआई अंकुर, एसआई अमित, हेड कांस्टेबल राजेंद्र, हेड कांस्टेबल सतबीर और कांस्टेबल नरेश शामिल थे।

शर्ट पर कट नहीं, सीसीटीवी से खुला राज
जांच के दौरान टीम को शिकायतकर्ता के बयानों पर शक हुआ। उसकी छाती पर चोट का निशान था, लेकिन उसकी शर्ट पर कहीं कोई कट नहीं था। घटनास्थल और बताए गए समय की सीसीटीवी फुटेज में भी उसकी कहानी झूठी निकली। रूट की जांच और बार-बार बयान बदलने पर पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की।

पूछताछ में परवीन ने कबूल किया कि 30 लाख रुपये हड़पने के लिए उसने ही फर्जी लूट की साजिश रची थी। उसने केशव पुरम मेट्रो स्टेशन पर अपने दोस्त परवीन उर्फ प्रेम को कैश से भरा बैग दे दिया था। खुद को बचाने के लिए उसने रेजर ब्लेड से खुद को घायल कर लिया और अपना मोबाइल फोन तोड़कर पीरागढ़ी मेट्रो स्टेशन के पास फेंक दिया।

सूचना के आधार पर पुलिस ने हरियाणा के बहादुरगढ़ में उसके साथी के घर पर छापा मारा और वहां से 30 लाख रुपये नकद बैग समेत बरामद कर लिए।

गिरफ्तार आरोपियों में परवीन मल्होत्रा, निवासी – पश्चिम विहार, दिल्ली, उम्र 24 वर्ष, मूल निवासी – अलवर, राजस्थान का रहने वाला है और दूसरा परवीन उर्फ प्रेम, उम्र 23 वर्ष निवासी – बहादुरगढ़, हरियाणा का रहने वाला है।
पुलिस ने इनके पास से 30 लाख रुपये नकद बैग समेत • वारदात में इस्तेमाल एक मोटरसाइकिल बरामद की है।

पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है।

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *