नई दिल्ली, 19 जुलाई। उत्तर-पूर्वी जिले की सीलमपुर थाना पुलिस ने पत्नी की हत्या के मामले को 48 घंटे में सुलझाते हुए आरोपी पति को उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद से गिरफ्तार किया है।
16 जुलाई की शाम करीब 7:32 बजे गली नंबर 9, गौतमपुरी में एक महिला की हत्या की सूचना मिली थी। मौके पर 45 वर्षीय महिला खून से लथपथ पड़ी मिली, जिसे जेपीसी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
इस संबंध में थाना सीलमपुर में FIR No. 265/26, धारा 103(1) BNS के तहत मामला दर्ज किया गया। जांच में मृतका का पति सलीम (52) वारदात के बाद से फरार मिला।
एसीपी मलकियत सिंह की देखरेख में इंस्पेक्टर नरपाल सिंह के नेतृत्व में टीम गठित की गई। टीम ने सीसीटीवी, तकनीकी सर्विलांस और ह्यूमन इंटेलिजेंस के आधार पर आरोपी को मुरादाबाद रेलवे स्टेशन के पास से दबोचा।
पूछताछ में आरोपी ने कबूला कि उसे पत्नी पर गारमेंट फैक्ट्री के सहकर्मी से अवैध संबंध का शक था। इसी बात पर 16 जुलाई को झगड़ा होने पर गुस्से में आकर उसने कैंची से हमला कर पत्नी की हत्या कर दी और घर बंद कर फरार हो गया। वह आनंद विहार, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, शाहजहांपुर और लखनऊ होते हुए भाग रहा था।
पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल कैंची और खून से सने कपड़े बरामद कर लिए हैं। आगे की जांच जारी है।