नई दिल्ली:दक्षिण जिले की महरौली थाना पुलिस ने गश्त के दौरान एक बड़ी कार्रवाई करते हुए चोरी के मोबाइल रखने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से कुल 23 मोबाइल फोन बरामद हुए हैं। इनमें 13 मोबाइल चोरी के हैं जो दक्षिण जिले के अलग-अलग थानों में दर्ज मामलों से जुड़े हैं, जबकि 10 मोबाइल महरौली थाना क्षेत्र में गुम होने की रिपोर्ट से संबंधित हैं।
19 जून 2026 को हेड कॉन्स्टेबल ओम चंद और कॉन्स्टेबल अनिल सीडीआर चौक बस स्टैंड के पास रूटीन गश्त पर थे। तभी उन्हें एक संदिग्ध युवक प्लास्टिक बैग लेकर जाता दिखा। पुलिस को देखकर वह भागने लगा, लेकिन दोनों पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए उसे दबोच लिया।
पकड़े गए आरोपी की पहचान गौरव, पुत्र विनोद, निवासी नेब सराय, नई दिल्ली, उम्र 23 वर्ष के रूप में हुई। तलाशी लेने पर उसके बैग से 23 मोबाइल फोन बरामद हुए। जांच में पता चला कि 13 मोबाइल चोरी के हैं, जिनमें 2 मोबाइल ई-एफआईआर नं. 80049846/2026 थाना महरौली से जुड़े हैं। बाकी 10 मोबाइल महरौली क्षेत्र में गुम हुए थे।
पूछताछ में आरोपी गौरव ने बताया कि वह चंदन होला गांव में मोबाइल रिपेयर की दुकान चलाने वाले एक बिचौलिए के जरिए चोरी के मोबाइल बेचता था। वह नशे की लत पूरी करने के लिए चोरी का सामान खरीदता-बेचता था। पुलिस ने वर्तमान केस से जुड़े 2 मोबाइल जब्त कर लिए हैं, जबकि बाकी फोन बीएनएसएस की धारा 106 के तहत जब्त किए गए हैं। बरामद संपत्ति की जानकारी संबंधित थानों को दे दी गई है।
गौरव पहले भी अपराध में शामिल रह चुका है। उसके खिलाफ थाना महरौली में एफआईआर नं. 07/2023 धारा 356/379/411/34 आईपीसी के तहत मामला दर्ज है।
इस बरामदगी से दक्षिण जिले के कई चोरी के मामले सुलझ गए हैं। इनमें थाना महरौली, नेब सराय, मैदान गढ़ी और फतेहपुर बेरी के कुल 11 मामले शामिल हैं। प्रमुख ई-एफआईआर में 80049846/2026, 80049912/2026, 80049906/2026, 80049914/2026 आदि शामिल हैं।
डीसीपी दक्षिण जिला अनंत मित्तल, आईपीएस ने बताया कि महरौली थाने के स्टाफ की सतर्कता और पेशेवर रवैये से यह सफलता मिली है। इस कार्रवाई से चोरी के मोबाइल के अवैध कारोबार पर रोक लगाने में मदद मिलेगी। दक्षिण जिला पुलिस प्रभावी गश्त और चोरी की संपत्ति बरामद करने के लिए प्रतिबद्ध है।