साइबर वेस्ट पुलिस ने अंतरराज्यीय-अंतरराष्ट्रीय ठगी गिरोह का भंडाफोड़ किया, 2 गिरफ्तार, 50 मोबाइल बरामद

नई दिल्ली। पश्चिमी जिला की साइबर थाना पुलिस ने बांग्लादेश से जुड़े साइबर ठगी सिंडिकेट का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से 50 महंगे मोबाइल फोन, जिनमें आईफोन भी शामिल हैं, बरामद किए गए हैं। बरामद 45 नए फोन की कीमत करीब 25 लाख रुपये आंकी गई है।

डीसीपी वेस्ट हर्षेश्वर वी. स्वामी ने बताया कि 07.अगस्त.2026 को NCRP के माध्यम से 2,68,010 रुपये की ठगी की शिकायत मिली थी। पीड़ित को इंस्टाग्राम पर “अमेरिकन एक्सप्रेस ब्लैक क्रेडिट कार्ड” के विज्ञापन का लालच देकर व्हाट्सएप पर संपर्क किया गया। आरोपी ने खुद को Amex का प्रतिनिधि बताकर फर्जी “AMEX India” ऐप डाउनलोड कराया और वेरिफिकेशन के नाम पर क्रेडिट कार्ड डिटेल ले ली। बातों में उलझाकर पीड़ित के HDFC क्रेडिट कार्ड से ऑनलाइन प्लेटफॉर्म से महंगे मोबाइल खरीद लिए गए।

इस पर PS Cyber West में e-FIR No. 415/2026 धारा 318(4)/317(2)/319(2)/61(2) BNS के तहत मामला दर्ज किया गया।

जांच में IPDR में बांग्लादेश के IP एड्रेस मिले और डिलीवरी लोकेशन लखनऊ, कोलकाता व धनबाद में ट्रेस हुई। फर्जी सिम 24 परगना, पश्चिम बंगाल से जुड़ी मिली।

तकनीकी निगरानी पर SI गौरव की टीम ने लखनऊ के एक होटल में छापा मारकर मो. राशिद नियाज उर्फ दानिश (21) को 19 फोन के साथ पकड़ा। पूछताछ में पता चला कि उसका साथी मो. आसिफ करीब 30 फोन लेकर कोलकाता गया है। सूचना पर ASI संदीप की टीम ने कोलकाता से मो. आसिफ (29) को 31 नए फोन के साथ गिरफ्तार कर लिया।

गिरोह का तरीका: सोशल मीडिया विज्ञापन, फर्जी Amex ऐप, स्क्रीन शेयर कराकर कार्ड डिटेल लेना, और चोरी के पैसों से ई-कॉमर्स से आईफोन जैसे महंगे फोन मंगवाकर बांग्लादेश सप्लाई करना। दोनों आरोपी कोलकाता निवासी हैं। जब्त फोन से विदेशी आकाओं से चैटिंग के सबूत भी मिले हैं। पुलिस अन्य सदस्यों की तलाश कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *