स्वतंत्रता दिवस समारोह 2026: लाल किले की पार्किंग होगी अब डिजिटल, भटकना खत्म

नई दिल्ली। स्वतंत्रता दिवस समारोह 2026 के दौरान लाल किले के आसपास पार्किंग की समस्या से निजात दिलाने के लिए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने एक बड़ी पहल की है। पुलिस ने इस बार नागरिक-सुविधा को केंद्र में रखते हुए पार्किंग व्यवस्था को पूरी तरह डिजिटल कर दिया है।

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने इसके लिए गूगल मैप्स और मैपल्स (Mappls) के साथ साझेदारी की है। 15 अगस्त 2026 को लाल किले पर आयोजित होने वाले मुख्य समारोह (IDC 2026) के लिए निर्धारित 7 पार्किंग स्थलों को डिजिटल मैप पर मार्क किया गया है।

इस पहल का मकसद आगंतुकों और गणमान्य व्यक्तियों को पार्किंग की सटीक जानकारी आसानी से देना, अनावश्यक वाहनों की आवाजाही को कम करना और लोगों को सीधे अपनी निर्धारित पार्किंग तक पहुंचने में मदद करना है।

ऐसे मिलेगी पार्किंग की लोकेशन –

  1. गूगल मैप्स पर लाल किले के आसपास की सातों निर्धारित पार्किंग लोकेशन को लाइव कर दिया गया है। लोग सीधे मैप पर सर्च कर नेविगेट कर सकेंगे।
  2. मैपल्स के लिए हर पार्किंग स्थल का अलग QR कोड बनाया गया है। QR कोड स्कैन करते ही यूजर को सीधा नेविगेशन मिल जाएगा।
  3. यह पूरी जानकारी दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के आधिकारिक एक्स हैंडल @dtptraffic पर भी उपलब्ध करा दी गई है।

ट्रैफिक पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह तकनीक-आधारित पहल बड़े आयोजनों के दौरान ट्रैफिक प्रबंधन को बेहतर बनाने और आम जनता की सुविधा बढ़ाने की दिशा में एक अहम कदम है। ट्रैफिक मैनेजमेंट से लेकर डिजिटल नेविगेशन तक, दिल्ली ट्रैफिक पुलिस IDC 2026 तक हर सफर को सुरक्षित, सुगम और स्मार्ट बनाने के लिए तकनीक का इस्तेमाल कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *