घातक चाइनीज मांझे पर नकेल: सेंट्रल जिले में 2 गिरफ्तार, 42 पैकेट और 3 चरखी बरामद

राजधानी में स्वतंत्रता दिवस से पहले घातक चाइनीज मांझे की बिक्री पर सेंट्रल जिला पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। एंटी-नारकोटिक्स सेल की टीम ने दो अलग-अलग जगहों पर छापेमारी कर 2 लोगों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से प्रतिबंधित चाइनीज मांझे के 42 पैकेट और 3 चरखी बरामद की गई हैं।

डीसीपी सेंट्रल जिला के निर्देश पर जिले में चाइनीज मांझे की बिक्री और सप्लाई रोकने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान चांदनी महल और नबी करीम इलाके में मांझा बेचे जाने की पुख्ता सूचना मिली। सूचना को विकसित कर पुलिस ने अलग-अलग टीमों का गठन कर छापेमारी की।

पहली कार्रवाई – चांदनी महल में
पुलिस टीम ने मकान नंबर 711, पहली मंजिल, अमरूद वाली मस्जिद के पास, चांदनी महल में छापा मारा। मौके से आरोपी हारून रशीद (40 वर्ष) को पकड़ा गया। उसके पास से 17 पैकेट प्रतिबंधित चाइनीज मांझा बरामद हुआ।

दूसरी कार्रवाई – नबी करीम में
दूसरी टीम ने मकान नंबर 6168, गली गुरुद्वारे वाली, कदम शरीफ, नबी करीम में छापेमारी की। यहां से आरोपी पवन (46 वर्ष) को गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से 25 पैकेट चाइनीज मांझा और 3 चरखी बरामद की गईं।

दोनों आरोपियों के खिलाफ अलग-अलग एफआईआर दर्ज की गई है ।

पूछताछ में दोनों आरोपियों से मांझे की खरीद-फरोख्त और सप्लाई चेन के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस अब इसके सोर्स का पता लगाने में जुटी है।

यह कार्रवाई इंस्पेक्टर राहुल सिंह, इंचार्ज एंटी-नारकोटिक्स सेल, सेंट्रल जिला के नेतृत्व में और एसीपी ऑपरेशन्स पदम सिंह राणा के पर्यवेक्षण में की गई।

चांदनी महल ऑपरेशन में एएसआई सुनील, एएसआई सतवीर, हेड कांस्टेबल करनाल और कांस्टेबल विक्रम शामिल रहे। वहीं नबी करीम ऑपरेशन में एसआई मोनू चौहान, एएसआई सुधीर, हेड कांस्टेबल करनाल, हेड कांस्टेबल धर्मेंद्र, कांस्टेबल दीपक और कांस्टेबल विक्रम की टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *