नई दिल्ली – दिनदहाड़े हत्या कर फरार चल रहा उत्तर-पश्चिम जिले का घोषित बदमाश (BC) आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ गया। आरोपी की पहचान वसीम अकरम उर्फ लम्बू (29), निवासी धोबी घाट, जहांगीरपुरी के रूप में हुई है।
18 जुलाई 2026 की रात करीब 8 बजे, जहांगीरपुरी के B&C मार्केट रोड पर 15-20 लोगों ने 20 वर्षीय इरफान पर चाकुओं से हमला कर दिया था। बीच-बचाव करने आए हेड कांस्टेबल कृष्ण कुमार और सोहन लाल पर भी हमलावरों ने हमला कर इरफान को खींचकर बेरहमी से चाकू मारे। इरफान को BJRM अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। इस संबंध में थाना जहांगीरपुरी में FIR No. 462/2026 दर्ज हुई।
हत्या के बाद से वसीम फरार था। स्पेशल स्टाफ नॉर्थ-वेस्ट ने टेक्निकल सर्विलांस और ह्यूमन इंटेलिजेंस के आधार पर उसे पश्चिम बंगाल के नंदीग्राम से ट्रेस कर गिरफ्तार किया। हादिया कोर्ट से ट्रांजिट रिमांड लेकर टीम उसे दिल्ली ला रही थी।
यमुना एक्सप्रेसवे पर आधी रात को मुठभेड़
11/12 अगस्त की आधी रात करीब 12 बजे, जब टीम यमुना एक्सप्रेसवे के मथुरा इलाके से गुजर रही थी, तो आरोपी ने शौच जाने के बहाने गाड़ी रुकवाई। इसी दौरान उसने हेड कांस्टेबल हरीश की सर्विस पिस्टल छीनकर भागने की कोशिश की और फायरिंग कर दी। गोली SI अजय कुमार के बाएं हाथ में लगी।
पुलिस की चेतावनी के बावजूद आरोपी ने हेड कांस्टेबल नरसी राम पर पिस्टल तान दी। आत्मरक्षा में HC नरसी राम ने जवाबी फायर किया, जो आरोपी के दाहिने पैर में घुटने के नीचे लगा। दोनों घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया।
118 केसों का कुख्यात अपराधी
पुलिस के मुताबिक वसीम अकरम दिल्ली के कई थानों में 118 से ज्यादा आपराधिक मामलों में वांछित है। इनमें हत्या, हत्या का प्रयास, POCSO एक्ट, आर्म्स एक्ट, डकैती, नकबजनी, लूट, चोरी और पुलिस टीम पर हमला जैसे संगीन मामले शामिल हैं। वह थाना जहांगीरपुरी का घोषित बदमाश (BC) है।
गिरफ्तारी SI अजय, HC हरीश, HC नरसी, HC सत्य नरेंद्र और HC जोगेंद्र की टीम ने इंस्पेक्टर सोमिल शर्मा, ACP ऑपरेशंस रंजीत ढाका के नेतृत्व में की। ऑपरेशन की निगरानी DCP नॉर्थ-वेस्ट सुश्री आकांक्षा यादव, जॉइंट CP विजय सिंह और स्पेशल CP देवेश चंद्र श्रीवास्तव ने की।