दिल्ली पुलिस ने किया अंतरराज्यीय शराब तस्करी रैकेट का भंडाफोड़, 3 गिरफ्तार

नई दिल्ली, 12 जुलाई। दक्षिण जिले की एंटी ऑटो थेफ्ट स्क्वाड (AATS) ने अंतरराज्यीय अवैध शराब तस्करी नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए 3 तस्करों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, 10 जुलाई को हेड कांस्टेबल ईश्वर सिंह को गुप्त सूचना मिली थी कि बलराज उर्फ बल्ले नामक व्यक्ति वैगनआर कार में हरियाणा मार्का शराब की बड़ी खेप लेकर महरौली स्थित जामा मस्जिद पार्किंग के पास सप्लाई करने आएगा। सूचना पर SI नवदीप के नेतृत्व में टीम ने जाल बिछाया। सुबह करीब 3:35 बजे कार पार्किंग में पहुंची और दो युवक उसमें से पेटियां उतारने लगे, तभी पुलिस ने घेराबंदी कर तीनों को दबोच लिया।

तलाशी में कार से हरियाणा में बिक्री के लिए अंकित संतरा मसालेदार देशी शराब के 30 कार्टन बरामद हुए, जिनमें 1500 पव्वे थे। तस्करी में इस्तेमाल वैगनआर कार भी जब्त कर ली गई। इस संबंध में थाना महरौली में आबकारी अधिनियम के तहत FIR No. 425/2026 दर्ज की गई है।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे हरियाणा से सस्ती शराब लाकर दिल्ली में देर रात और सुबह के समय निजी गाड़ियों से सप्लाई करते थे। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बलराज उर्फ बल्ले (38), समसाद (40) और सलमान (27) के रूप में हुई है। तीनों पर पहले से भी आबकारी व अन्य गंभीर मामले दर्ज हैं। पुलिस अब पूरे नेटवर्क के सोर्स और अन्य साथियों की तलाश में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *