नई दिल्ली, 12 जुलाई 2026
दक्षिण जिले की स्पेशल स्टाफ टीम ने एक बड़ी कार्रवाई में कुख्यात मोबाइल चोर को गिरफ्तार कर 5 चोरी के मोबाइल फोन बरामद किए हैं। आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई एक TVS अपाचे मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है। इस कार्रवाई से 5 मोबाइल चोरी के मामलों का खुलासा हुआ है।
पुलिस के अनुसार, 10 जुलाई को हेड कांस्टेबल नवरंग को गुप्त सूचना मिली थी कि एक आदतन चोर पुष्प विहार सेक्टर-4, मछली मार्केट के पास चोरी के फोन बेचने आ रहा है। सूचना पर टीम ने जाल बिछाकर मोटरसाइकिल सवार संदिग्ध को दबोच लिया। आरोपी की पहचान सूरजीत भारद्वाज (40), पुत्र शोभा राम, निवासी संगम विहार के रूप में हुई।
तलाशी में मिले 5 फोन की जांच में पता चला कि ये साकेत, अंबेडकर नगर, मालवीय नगर और तिगरी थानों में दर्ज चोरी के मामलों से जुड़े हैं। आरोपी को BNSS की धारा 35(1)(e) के तहत गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अपने साथी सलमान के साथ मिलकर भीड़-भाड़ वाले बाजारों, बस स्टैंड और पब्लिक ट्रांसपोर्ट में लोगों के मोबाइल चुराता था और औने-पौने दामों में बेच देता था। आरोपी पर पहले से चोरी, झपटमारी और जुआ समेत 10 आपराधिक मामले दर्ज हैं।
यह कार्रवाई इंस्पेक्टर अनुज कुमार, प्रभारी स्पेशल स्टाफ के नेतृत्व में ASI दुष्यंत कुमार, HC नवरंग, HC संतवीर सिंह, HC यशपाल और सिपाही कृष्ण कुमार की टीम ने ACP ऑपरेशन्स ऋतुराज के सुपरविजन में की।
पुलिस फरार साथी और रिसीवर नेटवर्क की तलाश कर रही है।