गाजियाबाद, 26 जुलाई। इंदिरापुरम स्थित शिप्रा कृष्णा विस्टा सोसाइटी में रविवार को गेट नंबर-1 के सामने निवासियों का संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें हालिया सोसाइटी चुनाव, मतदाता सूची विवाद, चुनाव परिणामों पर लगी रोक और न्यायिक प्रक्रिया में मेंटेनेंस फंड के कथित इस्तेमाल को लेकर चर्चा हुई। निवासियों ने पारदर्शिता, जवाबदेही और चुनाव में मिले जनादेश के सम्मान की मांग उठाई।
निवासियों का कहना है कि मतदाता सूची को लेकर विवाद के बावजूद निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार चुनाव संपन्न हुए और लोगों ने अपने मताधिकार का प्रयोग कर जनादेश दिया। हालांकि, चुनाव के बाद निर्वाचित बोर्ड के गठन और कार्यभार ग्रहण करने की प्रक्रिया न्यायालय में लंबित मामले के कारण आगे नहीं बढ़ सकी।
निवासियों ने सवाल उठाया कि यदि सोसाइटी के मेंटेनेंस फंड का इस्तेमाल न्यायिक प्रक्रिया में किया जा रहा है, तो इसकी जानकारी और स्वीकृति की प्रक्रिया सभी निवासियों के समक्ष स्पष्ट होनी चाहिए। उन्होंने बोर्ड बैठकों के एजेंडा और मिनट्स सार्वजनिक करने की भी मांग की।
कार्यक्रम के दौरान मांगों के समर्थन में हस्ताक्षर अभियान चलाया गया। अमन जैन, संजय राजदान, मयंक सिंघल, आशीष शर्मा, संजय सक्सेना, श्रीमती सुधा धवन सहित कई निवासियों ने विचार रखे।