नई दिल्ली। करदमपुरी में 17 साल के नाबालिग की चाकू मारकर हत्या के मामले को नॉर्थ-ईस्ट जिला पुलिस ने सुलझा लिया है। पुलिस ने इस वारदात में शामिल तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर हत्या में इस्तेमाल चाकू बरामद कर लिया है।
28 जुलाई रात करीब 11 बजे जीटीबी अस्पताल से थाना ज्योति नगर को सूचना मिली कि करदमपुरी निवासी 17 वर्षीय युवक को मृत अवस्था में लाया गया है। जांच में पता चला कि गली नंबर 4, करदमपुरी में तीन युवकों ने उस पर चाकू से हमला किया था।
मौके पर फॉरेंसिक टीम ने सबूत जुटाए। थाना ज्योति नगर में FIR No. 341/26 धारा 103(1)/351(2)/3(5) BNS के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। जांच के बाद दो आरोपी अरमान (20) पुत्र नसीम अहमद और अलफैज (19) पुत्र मो. आरिफ को क्राइम ब्रांच ने गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों ने पुरानी रंजिश में हत्या की बात कबूली। अरमान की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल चाकू और खून से सने कपड़े बरामद हुए।
बाद में फरार तीसरे आरोपी अमन खान (23) पुत्र कालू को ज्योति नगर थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। तीनों आरोपी करदमपुरी के ही रहने वाले हैं।
पुलिस का कहना है कि तीनों का कोई पुराना आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है। मामले में आगे की जांच जारी है।