नई दिल्ली, 1 अगस्त 2026
मध्य जिला की पहाड़गंज थाना पुलिस ने दो शातिर स्नैचरों को गिरफ्तार कर स्नैचिंग और वाहन चोरी की 5 वारदातों का खुलासा किया है। पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से एक सैमसंग गैलेक्सी S23 अल्ट्रा फोन, दो संदिग्ध चोरी के मोबाइल और दो चोरी के वाहन बरामद हुए हैं।
रोहित राजवीर सिंह आईपीएस डीसीपी सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट के मुताबिक 30 जुलाई को शाम करीब 5 बजे शिकायतकर्ता अपनी पत्नी के साथ सदर बाजार से होटल रॉयल इन, पहाड़गंज लौट रहे थे। गुरुद्वारा वाली गली के पास सफेद एक्टिवा सवार दो बदमाशों ने उनकी पत्नी का S23 अल्ट्रा फोन छीन लिया। पीछा करने पर बदमाश एक्टिवा और फोन छोड़कर मौके से फरार हो गए थे। इस पर थाना पहाड़गंज में FIR No. 353/2026 दर्ज की गई।
SHO पहाड़गंज भूपिंदर सिंह के नेतृत्व और ACP पहाड़गंज के पर्यवेक्षण में SI सुधीर कुमार, ASI इंद्रपाल, ASI राकेश, HC जगवीर, HC मोहन लाल, Ct. दीपक और Ct. पुनीत की टीम बनाई गई। टीम ने घटनास्थल और आसपास के CCTV फुटेज खंगाले। जांच में पता चला कि मौके पर छोड़ी गई एक्टिवा PS पश्चिम विहार ईस्ट की चोरी की है। तकनीकी और मैनुअल जांच के बाद दोनों आरोपियों को दबोचा गया।
गिरफ्तार आरोपी मुकुल उर्फ मनीष, उम्र 23 साल और ललित उम्र 19 साल, दोनों आनंद पर्वत के रहने वाले हैं।
पूछताछ में आरोपियों ने कबूला कि वारदात में चोरी की एक्टिवा का ही इस्तेमाल किया था।
इनकी गिरफ्तारी से पहाड़गंज के 2, D.B.G. रोड, सराय रोहिल्ला और पश्चिम विहार ईस्ट के कुल 5 मामले सुलझे हैं। दोनों आरोपी पहले भी कई वारदातों में शामिल रहे हैं।