दिल्ली/हरियाणा के हाइलाइटेड मर्डर केस का वांछित बदमाश गिरफ्तार

नई दिल्ली, 25 अगस्त 2026

दिल्ली पुलिस क्राइम ब्रांच की नॉर्दर्न रेंज-1 टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रोहित गोदारा / नवीन बॉक्सर गैंग के कथित सदस्य और 5000 रुपये के इनामी बदमाश प्रदीप उर्फ सिपाही को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी प्रदीप उर्फ सिपाही (34) पुत्र राजकुमार, निवासी झज्जर, हरियाणा पर दिल्ली और हरियाणा में 4 आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह नजफगढ़ थाने के आर्म्स एक्ट केस FIR No. 298/2026 और झज्जर के माछरौली थाने के चर्चित हत्या केस FIR No. 65/2026 में वांछित था। झज्जर पुलिस ने उस पर 5000 रुपये का इनाम घोषित किया था।

क्राइम ब्रांच को HC विकेश की सूचना पर पता चला कि आरोपी दिल्ली में सक्रिय है। इंस्पेक्टर अजय गहलावत के नेतृत्व में SI कपिल, ASI प्रेमवीर, HC सोनू, HC अमित और HC विकेश की टीम ने ACP अशोक शर्मा और DCP चंद्र कुमार सिंह की देखरेख में जापानी पार्क, रोहिणी के पास घेराबंदी कर उसे दबोच लिया।


16 मई 2026 को आरोपी ने अपने साथियों के साथ सुबाहना गांव, झज्जर में 30 राउंड फायरिंग की थी, जिसमें हितेश उर्फ गुल्लू की मौत हो गई थी। वहीं 29 जून को नजफगढ़ में अवैध हथियार के साथ पकड़े गए पंकज उर्फ कालिया ने खुलासा किया था कि हथियार उसे प्रदीप ने ही सप्लाई किया था।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह रोहित गोदारा गैंग से जुड़े नवीन बॉक्सर के संपर्क में था और अवैध हथियारों की सप्लाई करता था। आरोपी को BNSS की धारा 35(1)(c) के तहत गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *