पंजाबी बाग में ₹60 लाख की चोरी का खुलासा, घरेलू नौकर नेपाल बॉर्डर से गिरफ्तार

नई दिल्ली: पश्चिमी जिले के पंजाबी बाग थाने की पुलिस ने ₹60 लाख की बड़ी चोरी की वारदात को सुलझाते हुए आरोपी घरेलू नौकर को नेपाल बॉर्डर के पास से गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से चोरी किया गया पूरा सोना-चांदी और हीरे का सामान बरामद कर लिया गया है।

21 अगस्त को पंजाबी बाग एक्सटेंशन में एक घर से ज्वैलरी चोरी की PCR कॉल मिली थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि एक दिन पहले ही रखा गया उनका नौकर शशिकांत करीब ₹60 लाख की ज्वैलरी चुराकर फरार हो गया है। इस पर थाना पंजाबी बाग में FIR No. 418/2026 धारा 306 BNS के तहत मामला दर्ज किया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए PSI सुनील छिल्लर, कांस्टेबल हंसराज और कांस्टेबल अमित की टीम बनाई गई। CCTV फुटेज और तकनीकी जांच से आरोपी का रूट ट्रेस किया गया तो उसकी लोकेशन बिहार के सुपौल जिले में मिली।

टीम ने बिहार पुलिस के साथ उसके गांव में छापा मारा, लेकिन आरोपी भनक लगते ही नेपाल की ओर भाग निकला। टीम ने तुरंत पीछा कर उसे कुनौली बॉर्डर, बिहार के पास धर दबोचा।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने चोरी का माल अपने घर में एक ट्रंक में छिपाया है। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने सारा माल बरामद कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी – शशिकांत, उम्र 22 वर्ष, निवासी जिला सुपौल, बिहार का रहने वाला है। इसके पास से करीब 450 ग्राम चांदी (प्लेट और सिक्के) , 3 हीरे की चेन, 1 सोने की चेन ,1 डायमंड सेट, 1 हीरे की अंगूठी, 1 हीरे की बाली , 5 हीरे के लॉकेट और 2 कलाई घड़ियां जिनकी कुल कीमत लगभग ₹60 लाख है बरामद हुए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *