क्राइम ब्रांच का बड़ा एक्शन: लॉरेंस बिश्नोई का करीबी ‘मामा’ गिरफ्तार, मूसेवाला केस से भी जुड़े तार

नई दिल्ली, 27 अगस्त। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने ट्रांसनेशनल हथियार तस्करी और टेरर मॉड्यूल केस में लॉरेंस बिश्नोई गैंग के एक और अहम ऑपरेटिव को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान दीपक खत्री उर्फ दीपक नंदा उर्फ मामा (45) निवासी पश्चिम विहार के रूप में हुई है। उसे IGI एयरपोर्ट थाने में LOC के आधार पर हिरासत में लिया गया और पूछताछ के बाद गिरफ्तार किया गया।


यह कार्रवाई FIR No. 49/26 (PS क्राइम ब्रांच) की जांच के तहत की गई है, जो शाहबाज अंसारी के अंतरराष्ट्रीय हथियार तस्करी नेटवर्क से जुड़ा है। इस केस में अब तक 18 आरोपियों की गिरफ्तारी और 2 सब-मशीन गन सहित 32 विदेशी हथियार व 363 कारतूस बरामद किए जा चुके हैं।

क्राइम ब्रांच के मुताबिक, दीपक खत्री लॉरेंस बिश्नोई का करीबी है और उसकी पत्नी के साथ बिश्नोई की लीगल टीम से जुड़ा रहा है। जांच में सामने आया है कि 2021 में दिल्ली में पुलिस रिमांड के दौरान उसकी पहली मुलाकात बिश्नोई से हुई थी। इसके बाद वह जेल में बंद गैंगस्टरों और बाहर के गुर्गों के बीच मैसेज पहुंचाने का जरिया बन गया।

आरोप है कि दिल्ली में बिश्नोई के नाम पर रंगदारी और फायरिंग के मामलों में पीड़ितों से 2.5 करोड़ रुपये तक के सेटलमेंट भी इसी के जरिए कराए गए।

पुलिस ने यह भी खुलासा किया है कि सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड में इस्तेमाल हथियारों की सप्लाई चेन में भी इसकी भूमिका सामने आई है।

क्राइम ब्रांच के DCP संजीव कुमार यादव के अनुसार, आरोपी को बिश्नोई ने हथियारों की खरीद की जिम्मेदारी दी थी, जिसके लिए वह निशांत अरोड़ा उर्फ नोनी और हर्ष पाल सिंह उर्फ रुबल के संपर्क में था। ये दोनों बांग्लादेश में बैठे फरार किंगपिन शाहबाज अंसारी से विदेशी हथियार मंगवाते थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *