नई दिल्ली। मध्य जिला की एंटी-नारकोटिक्स सेल ने पहाड़गंज में बड़ी कार्रवाई करते हुए दो युवकों को 2 अत्याधुनिक सेमी-ऑटोमैटिक पिस्टल और 7 जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, गुप्त सूचना मिली थी कि टिप्सी बार एंड लाउंज, पहाड़गंज में दो युवक अवैध हथियारों के साथ मौजूद हैं। सूचना पर इंस्पेक्टर राहुल सिंह अधिकारी के नेतृत्व में टीम ने 22/23 सितंबर की दरम्यानी रात छापेमारी की।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान रोहित यादव (23) और बिलाल चौधरी (25), दोनों निवासी शाहबाद डेयरी के रूप में हुई है। तलाशी में उनके कब्जे से .32 बोर की 2 पिस्टल और 7 कारतूस बरामद हुए।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे वजीरपुर में कॉपर इंडस्ट्री में काम करते हैं और अपनी सुरक्षा के लिए हथियार रखे थे। पहाड़गंज में वे मनोरंजन के लिए बार में आए थे।
जांच में आरोपी रोहित यादव का आपराधिक रिकॉर्ड मिला है। वह थाना शाहबाद डेयरी के दो मामलों – FIR No. 369/2022 और FIR No. 467/2021 में पहले भी शामिल रहा है।
इस संबंध में थाना पहाड़गंज में FIR No. 420/2026, धारा 25 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।