नई दिल्ली, रोहिणी। डीसीपी रोहिणी शशांक जैसवाल के मार्गदर्शन में थाना विजय विहार पुलिस द्वारा टिंकल स्टार स्कूल, रिठाला में सामुदायिक पुलिसिंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के तहत स्कूली बच्चों के बीच खो-खो प्रतियोगिता कराई गई, जिसमें करीब 30 छात्रों ने भाग लिया। एसएचओ विजय विहार इंस्पेक्टर मनोहर लाल मीणा ने स्टाफ के साथ स्वयं भी खेल में हिस्सा लिया। विजेता टीम को एसीपी रोहिणी द्वारा ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।
इस दौरान छात्रों को नशे के दुष्प्रभाव, गुड टच-बैड टच, बाल सुरक्षा और चाइल्ड हेल्पलाइन के बारे में जागरूक किया गया। एसीपी रोहिणी ने बच्चों से संवाद कर उनके सवालों के जवाब भी दिए।
स्कूल प्रबंधन और छात्रों ने दिल्ली पुलिस की इस पहल की सराहना की। कार्यक्रम का उद्देश्य खेल को बढ़ावा देने के साथ-साथ बाल सुरक्षा, नशा रोकथाम और पुलिस-पब्लिक के बीच बेहतर संबंध स्थापित करना रहा।