आदर्श नगर पुलिस की बड़ी कामयाबी: दो वाहन चोर गिरफ्तार, 4 चोरी के दोपहिया बरामद

नई दिल्ली, 23 जून 2026
उत्तर-पश्चिम जिले के आदर्श नगर थाना पुलिस ने वाहन चोरी के एक बड़े मामले का खुलासा करते हुए दो ऑटो-लिफ्टरों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों में एक 18 वर्षीय युवक अर्पित और एक किशोर विधि विवादित बालक (CCL) शामिल है। पुलिस ने इनके कब्जे से 4 चोरी की दोपहिया गाड़ियां बरामद कर वाहन चोरी के 4 मामलों को सुलझा लिया है।


17 जून 2026 को आज़ादपुर गांव निवासी कंवर सिंह ने अपनी मोटरसाइकिल DL8SCE6*** चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि बाइक घर के बाहर गली में खड़ी थी, जो बाद में गायब मिली। इस पर आदर्श नगर थाने में ई-एफआईआर संख्या 013622/26 धारा 305(B)/3(5) BNS के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।


मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएचओ इंस्पेक्टर राजेश कुमार भाखर और एसीपी जहाँगीर पुरी योगेन्द्र खोखर की देखरेख में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम में हेड कांस्टेबल नरेन्द्र, धीरेन्द्र, धर्मेन्द्र, लीला राम और कांस्टेबल अनिरुद्ध शामिल थे।

टीम ने तकनीकी निगरानी और मुखबिरों की मदद से आरोपियों की पहचान की। कई जगह छापेमारी के बाद 18 वर्षीय अर्पित पुत्र संजय, निवासी सूरज नगर, रामेश्वर नगर और एक किशोर को पकड़ा गया। पूछताछ में दोनों ने चोरी की बात कबूली और अलग-अलग जगहों पर छिपाई गई 4 दोपहिया गाड़ियों की बरामदगी कराई।


पूछताछ में सामने आया कि दोनों आरोपी पहली बार अपराध की दुनिया में आए थे। लावारिस खड़े दोपहिया वाहनों को निशाना बनाकर जल्दी पैसा कमाना चाहते थे। पुलिस के अनुसार, दोनों का कोई पुराना आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है।

डीसीपी नॉर्थ-वेस्ट आकांक्षा यादव, आईपीएस ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ जारी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इनकी अन्य वारदातों में संलिप्तता तो नहीं है। आदर्श नगर थाना पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके में वाहन चोरी की घटनाओं पर लगाम लगने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *