पूर्वी जिला पुलिस की बड़ी कार्रवाई: ड्रग तस्कर और सप्लायर गिरफ्तार, 106.68 ग्राम हेरोइन व 1 लाख से अधिक नकदी बरामद

नई दिल्ली, 23 जून 2026
पूर्वी जिला पुलिस के शकरपुर थाना स्टाफ ने नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने एक महिला ड्रग पेडलर और एक सप्लायर को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से कुल 106.68 ग्राम संदिग्ध हेरोइन/स्मैक और 1,01,732 रुपये की ड्रग बिक्री से अर्जित नकदी बरामद की है।


21 जून 2026 को पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक महिला लक्ष्मी नगर, विकास मार्ग स्थित मेट्रो पिलर नंबर-51 के पास स्मैक/हेरोइन बेच रही है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर महिला को पकड़ा। आरोपी की पहचान 42 वर्षीय फरजाना बेगम, निवासी कासिम विहार, ट्रोनिका सिटी, लोनी, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई। तलाशी में उसके पास से 31.68 ग्राम संदिग्ध हेरोइन और 4,832 रुपये नकद बरामद हुए।

इस संबंध में थाना शकरपुर में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 के तहत एफआईआर नंबर 144/2026 दर्ज की गई। पूछताछ में फरजाना ने अपने सप्लायर का नाम बताया। इसके बाद इंस्पेक्टर मनोज कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने शास्त्री पार्क स्थित जग प्रवेश चंद्र अस्पताल के पास से सप्लायर इमरान, उम्र 26 वर्ष, निवासी 3.5 पुस्ता, करतार नगर, दिल्ली-53 को गिरफ्तार किया।

मोबाइल क्राइम फॉरेंसिक टीम ने नारकोटिक ड्रग डिटेक्शन किट से मौके पर ही जांच की, जिसमें बरामद पदार्थ हेरोइन/स्मैक होना पाया गया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि बरामद नकदी स्मैक बेचकर कमाई गई थी।


इस कार्रवाई को इंस्पेक्टर मनोज कुमार, एसआई अनुभव, एसआई अदिति, एसआई विशाल, एचसी सचिन कुमार, एचसी राहुल, सिपाही अमित कनौजिया, सिपाही रामस्वरूप, महिला सिपाही दीप्ति और महिला सिपाही शिवा की टीम ने अंजाम दिया।


पूर्वी जिले के पुलिस उपायुक्त राजीव कुमार, आईपीएस ने बताया कि पूर्वी जिला पुलिस नशे के कारोबार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। नशा तस्करी के पूरे नेटवर्क और सप्लाई चेन की पहचान के लिए जांच जारी है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि ड्रग पेडलिंग या संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी तुरंत स्थानीय पुलिस को दें।

पुलिस का कहना है कि नशे के खिलाफ लड़ाई में जन सहयोग बेहद जरूरी है। लगातार खुफिया आधारित अभियान चलाकर युवाओं को नशे के दुष्प्रभाव से बचाने और दिल्ली को नशा मुक्त बनाने का प्रयास जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *