नई दिल्ली। नॉर्थ-ईस्ट जिले की स्पेशल स्टाफ टीम ने भजनपुरा इलाके में हुए जानलेवा फायरिंग के मामले को सुलझाते हुए दो आरोपियों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 3 सेमी-ऑटोमैटिक पिस्टल, 18 जिंदा कारतूस और बिना नंबर प्लेट की एक मोटरसाइकिल बरामद हुई है।
बीते 02 अक्टूबर की रात करीब 2:43 बजे सुभाष विहार, नॉर्थ घोंडा की गली नंबर 16 में दो युवकों ने स्कूटी पर आकर एक घर पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी थी। गोली घर की कांच की रेलिंग और दीवार पर लगी थी। इस संबंध में थाना भजनपुरा में BNS और आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया था।
पुलिस पर 12 राउंड फायरिंग, जैकेट ने बचाई जान –
इंस्पेक्टर अरविंद कुमार के नेतृत्व में स्पेशल स्टाफ की टीम ने सीसीटीवी और खुफिया जानकारी के आधार पर जाल बिछाया। 4-5 अक्टूबर की रात करीब 2:45 बजे नानकसर से तीसरे पुश्ता रोड पर बिना नंबर प्लेट बाइक पर आ रहे दो संदिग्धों को रोकने का इशारा किया गया तो उन्होंने पुलिस टीम पर 12 राउंड फायर कर दिए। दो गोलियां जवानों की बुलेट प्रूफ जैकेट पर लगीं, जिससे उनकी जान बच गई।
जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने आत्मरक्षा में 16 राउंड फायर किए और दोनों को पैर में गोली लगने के बाद दबोच लिया।
इस मामले में जासिम उर्फ आलू (23), निवासी वेलकम – पहले भी आर्म्स एक्ट में केस दर्ज है और दूसरा कैफ उर्फ डीजे (23), निवासी वेलकम को गिरफ्तार किया गया है।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने रशीद उर्फ केबलवाला के कहने पर फायरिंग की थी। पुलिस रशीद की भूमिका और बाइक के मालिक की जांच कर रही है।