दिल्ली : तिलक नगर में 10 लाख की चोरी का खुलासा, तीन गिरफ्तार, 9.70 लाख बरामद

नई दिल्ली, 27 नवंबर। पश्चिम जिला पुलिस के थाना तिलक नगर ने 10 लाख रुपये की चोरी की बड़ी वारदात को सुलझाते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने चोरी के 9 लाख 70 हजार रुपये भी बरामद कर लिए हैं।

20 नवंबर को शिकायतकर्ता बयंत मारवाह ने बताया कि तिलक नगर स्थित उनकी फैंसी लाइट की दुकान से 19/20 नवंबर की रात अज्ञात चोरों ने शटर का ताला तोड़कर लॉकर में रखे करीब 10 लाख रुपये नकद और जरूरी दस्तावेज चुरा लिए। इस पर थाना तिलक नगर में एफआईआर नंबर 467/2026, धारा 305/317(2)/3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।

मामले को सुलझाने के लिए एसएचओ इंस्पेक्टर बिनीत कुमार पांडेय के नेतृत्व में एएसआई चंद्रहास, एचसी संदीप, एचसी दलजीत, कांस्टेबल धनेश और कांस्टेबल राकेश की टीम बनाई गई। एसीपी तिलक नगर रिछपाल सिंह की देखरेख में टीम ने तकनीकी निगरानी और मुखबिरों की सूचना के आधार पर तीनों आरोपियों को पकड़ लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान श्रवण कुमार उर्फ छोटू (21) निवासी तिलक नगर, गौतम कुमार उर्फ भोलू (18) निवासी नजफगढ़ और अरुण कुमार (18) निवासी श्याम नगर, तिलक नगर के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की वारदात कबूल की, जिसके बाद 9,70,000 रुपये बरामद किए गए।

पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *