AATS की बड़ी कार्रवाई, अंतर्राज्यीय शराब तस्कर गिरफ्तार, 1600 क्वार्टर बरामद

नई दिल्ली। पूर्वी जिले की एंटी ऑटो थेफ्ट स्क्वाड (AATS) ने अंतर्राज्यीय शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 32 पेटियों में रखी 1600 क्वार्टर अवैध शराब और तस्करी में इस्तेमाल हो रही होंडा सिटी कार बरामद की गई है।

पुलिस के अनुसार, 23 जुलाई की रात करीब 10:30 बजे टीम को सूचना मिली थी कि सोनीपत, हरियाणा से दिल्ली में अवैध शराब की बड़ी खेप होंडा सिटी कार नंबर DL4CAN** में लाई जा रही है। सूचना पर इंस्पेक्टर आनंद सिंह के नेतृत्व में SI विक्रम सिंह, ASI अजय चौहान, ASI राजीव कुमार, HC विक्रांत, HC अश्विनी और W/Ct. तमन्ना की टीम ने नोएडा लिंक रोड, शकरपुर बस स्टैंड के पास जाल बिछाया। पुलिस को देखकर आरोपी ने भागने की कोशिश की, लेकिन टीम ने घेराबंदी कर उसे दबोच लिया।

तलाशी में कार की पिछली सीट और डिक्की से 1600 क्वार्टर (32 कार्टन) बरामद हुए, जिन पर “For Sale in Haryana Only” लिखा था। इसमें 23 कार्टन Race 7 Metro Liquor और 09 कार्टन Falcon’s Santra Desi Sharab (180 ml) के हैं।

आरोपी की पहचान आनंद उर्फ कल्लू (31 वर्ष), निवासी कड़कड़डूमा गांव, दिल्ली के रूप में हुई है। आरोपी पहले भी FIR No. 332/2013 थाना आनंद विहार में शामिल रहा है।

इस संबंध में थाना लक्ष्मी नगर में FIR No. 246/2026, दिनांक 24.07.2026, धारा 33/58 दिल्ली आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *