नई दिल्ली, 16 जुलाई 2026
राजधानी में वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले एक शातिर ऑटो-लिफ्टर को सेंट्रल जिला पुलिस ने गिरफ्तार कर अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। आरोपी की पहचान सुंदर वर्जानी (26), निवासी नॉर्थ-वेस्ट दिल्ली के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 6 चोरी की स्कूटी, एक चोरी का मोबाइल फोन, एक डेबिट कार्ड और महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए हैं।
डीसीपी सेंट्रल रोहित राजबीर सिंह के अनुसार, आईपी एस्टेट थाना क्षेत्र में लगातार हो रही वाहन चोरी की घटनाओं को देखते हुए एक विशेष टीम का गठन किया गया था।
ऐसे पकड़ा गया आरोपी
थाना आईपी एस्टेट में MVT No. 016136/2026 U/s 305(b)/317(2) BNS के तहत हाथी घाट, राजघाट से TVS Jupiter स्कूटी चोरी का मामला दर्ज हुआ था। टीम ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी सर्विलांस और NATGRID की मदद से चोरी गई स्कूटी की लोकेशन ट्रेस की। लोकेशन सेवा भारती, मुंशी राम कॉलोनी, इंदिरा विकास कॉलोनी के पास मिली।
15 जुलाई 2026 को पुलिस ने जाल बिछाया। जैसे ही एक युवक चोरी की स्कूटी का लॉक खोलने की कोशिश करने लगा, टीम ने उसे मौके पर ही धर दबोचा। पूछताछ में उसने अपना नाम सुंदर वर्जानी बताया।
चोरी के बाद ठगी भी
पूछताछ में आरोपी ने चौंकाने वाला खुलासा किया। चोरी की गई स्कूटी में रखे मोबाइल फोन और डेबिट कार्ड को निकालकर उसने फोन का पासवर्ड तोड़ा और बैंकिंग एप के जरिए करीब 95,000 रुपये की धोखाधड़ी से ट्रांजेक्शन कर ली। पुलिस अब पूरे मनी ट्रेल की जांच कर रही है।
आरोपी ने बताया कि वह रिहायशी कॉलोनियों, रेलवे स्टेशनों, पब्लिक प्लेस और सड़कों पर खड़ी लावारिस स्कूटियों को निशाना बनाता था। चोरी के बाद वह गाड़ियों को छिपाकर डिलीवरी बॉयज को स्विगी, जोमैटो, फ्लिपकार्ट जैसी कंपनियों में काम करने के लिए किराए पर देता था और अवैध कमाई करता था।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी पहले भी MVT No. 22443/2023 U/s 411 IPC, PS मुखर्जी नगर में शामिल रहा है। वह आदतन अपराधी है।
यह कार्रवाई SHO/PS IP Estate इंस्पेक्टर नरेश कुमार और ACP कमला मार्केट सब-डिवीजन राजीव भारद्वाज की देखरेख में SI योगेश पूनिया, HC अविनाश, HC रोहताश, HC जसवीर, HC राजेंद्र और Ct. सुरेंद्र की टीम ने की।