रोहिणी जिले की बेगमपुर थाना पुलिस और स्पेशल स्टाफ की संयुक्त टीम ने पंसाली रोड पर हुए ब्लाइंड मर्डर केस को मात्र दो दिन में सुलझाते हुए तीन नाबालिग आरोपियों को पकड़ा है। वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू और मोबाइल फोन बरामद किया हैं
23 जून 2026 को बेगमपुर थाने में पीसीआर कॉल के जरिए सूचना मिली कि पंसाली रोड पर प्रेम आधार अस्पताल और पंसाली चौक के बीच एक व्यक्ति खून से लथपथ बेहोशी की हालत में पड़ा है। पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक घायल को डॉ. बीएसए अस्पताल ले जाया जा चुका था।
अस्पताल में मृतक की पहचान शाहबाद डेयरी निवासी 60 वर्षीय राजेश पुत्र मोहन लाल के रूप में हुई। डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस संबंध में बेगमपुर थाने में एफआईआर संख्या 593/2026, भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
डीसीपी रोहिणी शशांक जायसवाल, आईपीएस ने बताया कि केस को सुलझाने के लिए एसीपी बेगमपुर सार्थक त्यागी की देखरेख में एसएचओ इंस्पेक्टर राजीव रंजन के नेतृत्व में टीम बनाई गई। टीम में एसआई जगदीप, एचसी बलराज, एचसी बचन, एचसी सुनील और सिपाही प्रवीण शामिल थे। स्पेशल स्टाफ की टीम का नेतृत्व इंस्पेक्टर संदीप गोदारा कर रहे थे।
जांच में मृतक के प्रताप विहार स्थित फैक्ट्री से घटनास्थल तक के रूट को रिकंस्ट्रक्ट किया गया। सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, स्थानीय पूछताछ और तकनीकी निगरानी की गई। मुखबिरों की सूचना और मोडस ऑपरेंडी के आधार पर तीन नाबालिगों को चिन्हित किया गया। पूछताछ में तीनों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
जांच में सामने आया कि तीनों नाबालिग लूट के इरादे से घटनास्थल के पास मौजूद थे। 17 वर्षीय “A” ने साइकिल से जा रहे राजेश को रोका और चाकू दिखाकर धमकाया। 15-15 साल के दो अन्य नाबालिगों “B” और “C” ने राजेश को पकड़ लिया। विरोध करने पर “A” ने राजेश के ऊपर चाकू से वार कर दिया। इसके बाद आरोपियों ने मृतक की पैंट की जेब से 4,080 रुपये निकाले और फरार हो गए। लूटी गई रकम तीनों ने आपस में बांट ली।
पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल चाकू और घटना के समय आरोपियों द्वारा पहने गए कपड़े बरामद कर लिए हैं। कानून के अनुसार तीनों नाबालिगों की पहचान गोपनीय रखी गई है।
पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। राजेश प्रताप विहार की एक फैक्ट्री में मजदूरी करते थे। उनके परिवार में एक विवाहित बेटी है।
पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से एक सनसनीखेज ब्लाइंड मर्डर केस का खुलासा हुआ है।