रोहिणी में पुलिस का ‘ऑपरेशन शस्त्र’, 74 बदमाश पकड़े गए: 20 अवैध हथियार, 801 ग्राम हेरोइन और नकदी बरामद; 300 पुलिसकर्मियों ने 4 दिन चलाया विशेष अभियान

नई दिल्ली, 21 सितंबर। रोहिणी जिले में संगठित अपराध और स्ट्रीट क्राइम पर नकेल कसने के लिए दिल्ली पुलिस ने ‘ऑपरेशन शस्त्र’ के तहत बड़ी कार्रवाई की है। इस विशेष अभियान में 20 अवैध हथियार, भारी मात्रा में नशीला पदार्थ और जुए की रकम बरामद करते हुए 4 हिस्ट्रीशीटरों समेत 74 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस उपायुक्त रोहिणी शशांक जायसवाल के नेतृत्व में और संयुक्त पुलिस आयुक्त उत्तरी रेंज विजय सिंह व स्पेशल सीपी कानून व्यवस्था जोन-1 देवेश चंद्र श्रीवास्तव के निर्देशन में 17 से 20 सितंबर तक यह अभियान चलाया गया। इसके लिए 16 टीमें बनाई गईं, जिसमें 300 पुलिसकर्मियों ने जिले भर में सघन गश्त, नाकेबंदी और हिस्ट्रीशीटरों-बेल पर छूटे अपराधियों का सत्यापन किया।

अभियान के दौरान आर्म्स एक्ट में 28 आरोपियों को गिरफ्तार और 2 बाल अपचारियों को पकड़ा गया। इनके पास से 20 अवैध हथियार बरामद हुए, जिसमें 17 देशी कट्टे और 3 अत्याधुनिक पिस्टल शामिल हैं। बरामद पिस्टलों में इटली में बनी बेरेटा पिस्टल भी है। साथ ही 31 जिंदा कारतूस, 2 खोखा कारतूस, 6 बटनदार चाकू, 1 कार, 1 बोलेरो मैक्स, 1 स्कूटी, ताला काटने वाला कटर और वारदात में इस्तेमाल होने वाली रस्सियां व लोहे की रॉड भी मिलीं।

पकड़े गए आरोपियों में क्रांति गैंग से जुड़े और विदेश में बैठे गैंगस्टरों के लिए काम करने वाले बदमाश भी शामिल हैं। एक कार्रवाई में 100 से ज्यादा भैंस चोरी करने वाले संगठित गिरोह के 4 सदस्यों को सहारनपुर से गिरफ्तार किया गया।

एनडीपीएस एक्ट के तहत पुलिस ने 5 बड़े तस्करों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से 801 ग्राम हेरोइन, 104 ग्राम मॉर्फिन, 17 ग्राम कोकीन और 30 नशीली गोलियां बरामद हुईं। साथ ही 3 लाख 600 रुपये नकद, ग्रैंड विटारा व XUV 700 जैसी 2 लग्जरी कारें, एक स्कूटी और मोबाइल फोन जब्त किया गया।

कोकीन का सोर्स सप्लायर सेनेगल निवासी सीन फाए (33) को नोएडा से पकड़ा गया है। वहीं, 15 मामलों में शामिल और पैरोल जंप कर फरार चल रहा घोषित अपराधी अनिल उर्फ भोला भी हेरोइन के साथ धरा गया।

अन्य कार्रवाई • आबकारी अधिनियम: 10 मामले दर्ज कर 10 शराब तस्कर गिरफ्तार। • जुआ अधिनियम: 11 मामले दर्ज कर 27 जुआरी गिरफ्तार, मौके से दांव पर लगी 1,75,650 रुपये की नकदी बरामद। • उद्घोषित अपराधी: एएटीएस टीम ने 6 उद्घोषित अपराधियों को पकड़ा। • STF ने हत्या के मामले में फरार चल रहे आरोपी हिमांशु उर्फ करण को गाजियाबाद से दबोचा, जिसका भाई तिहाड़ में बंद शार्प शूटर है। • साइबर थाने ने छत्तीसगढ़ के भिलाई में चल रहे अंतरराज्यीय वैवाहिक ठगी के कॉल सेंटर का भंडाफोड़ किया, 2 महिलाओं को गिरफ्तार कर 4 मोबाइल व रजिस्टर बरामद किए। • 1 लाख 20 हजार नकली सिगरेट के साथ एक आरोपी भी पकड़ा गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *