दिल्ली पुलिस की साइबर निगरानी एक बार फिर अपराधियों पर भारी पड़ी है। सेंट्रल जिले की एंटी-नारकोटिक्स सेल ने इंस्टाग्राम पर नशे का सेवन करते हुए वीडियो पोस्ट करने वाले एक शातिर बदमाश को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 10.34 ग्राम स्मैक बरामद की है।
इंस्टाग्राम प्रोफाइल से पकड़ा गया आरोपी
एंटी-नारकोटिक्स सेल सोशल मीडिया की सक्रिय निगरानी कर रही थी। इसी दौरान “Rehman_Khalnayak_307” नाम की इंस्टाग्राम प्रोफाइल पर संदिग्ध नशीले पदार्थ का सेवन करने का वीडियो मिला। प्रोफाइल की जांच की गई तो पता चला कि इसे तकिया सराय, काले खां निवासी 27 वर्षीय रेहान चला रहा है।
सूचना के बाद इंस्पेक्टर राहुल सिंह अधिकारी के नेतृत्व में SI मोनू चौहान, SI पंकज कुमार समेत 10 पुलिसकर्मियों की टीम गठित की गई। टीम ने ACP ऑप्स पदम सिंह राणा की देखरेख में 21 सितंबर को छापा मारकर आरोपी रेहान को उसके घर से दबोच लिया। तलाशी में उसके घर से 10.34 ग्राम स्मैक बरामद हुई।
इस संबंध में थाना आई.पी. एस्टेट में FIR No. 351/2026, U/S 21 NDPS Act के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
शातिर है आरोपी
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक आरोपी रेहान पर पहले से ही चोरी, आर्म्स एक्ट और NDPS एक्ट के 14 से ज्यादा मामले दर्ज हैं।