नई दिल्ली, 26 अगस्त।
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल (साउथ वेस्टर्न रेंज) ने कुख्यात गोगी गैंग के दो सक्रिय गुर्गों को गिरफ्तार कर बड़ी वारदातों को नाकाम कर दिया है।
पुलिस ने बताया कि इंस्पेक्टर मनेंद्र सिंह की टीम ने एसीपी पूरन चंद्र पंत की देखरेख में 19 अगस्त को मुनक नहर, दरियापुर-घोघा रोड के पास जाल बिछाकर चिराग उर्फ काला (22), निवासी नरेला और सागर उर्फ सेठी (26), निवासी सोनीपत को दबोचा।
बरामदगी: आरोपियों के पास से 1 ऑटोमेटिक पिस्टल .32 बोर 4 जिंदा कारतूसों के साथ और 1 देसी कट्टा बरामद हुआ है। इस संबंध में स्पेशल सेल थाने में FIR No. 196/26, आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
जांच में सामने आया कि चिराग नरेला इंडस्ट्रियल एरिया के चर्चित मारपीट-लूटपाट के मामले FIR No. 57/26 में फरार था। 1 फरवरी को RO वाटर सप्लायर निखिल खत्री पर वर्चस्व के लिए हमला कर उसकी गाड़ी पलटा दी थी और 40 हजार व सोने की चेन लूट ली थी।
दोनों आरोपी पहले भी कई आपराधिक मामलों में शामिल रहे हैं। चिराग को गोगी गैंग के करीबी अक्षय उर्फ टैक्सी ने गैंग में भर्ती किया था और वह पिस्टल लहराते हुए रील बनाकर दहशत फैलाता था। वहीं पूर्व पहलवान सागर 2021 में अंकित सिरसा के जरिए अपराध की दुनिया में आया।
डीसीपी SWR/स्पेशल सेल नार्रा चैतन्य ने बताया कि गिरफ्तारी से फिरौती और टारगेट शूटिंग जैसी कई बड़ी वारदातें टल गईं। फरार साथियों की तलाश जारी है।