अवैध शराब तस्कर गिरफ्तार, 1050 क्वार्टर बरामद, मुंडका पुलिस ने टिकरी बॉर्डर पर नाकाबंदी के दौरान पकड़ा आरोपी

नई दिल्ली, 17 जून 2026 (आउटर डिस्ट्रिक्ट): मुंडका थाना पुलिस ने दिल्ली आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए एक अवैध शराब तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 21 कार्टन में रखी 1050 क्वार्टर अवैध शराब बरामद हुई है, जो केवल हरियाणा में बिक्री के लिए चिह्नित थी। शराब की तस्करी में इस्तेमाल की गई कार भी पुलिस ने जब्त कर ली है।

ऐसे दिया वारदात को अंजाम
16 जून 2026 को मुंडका थाने के हेड कांस्टेबल परवीन, हेड कांस्टेबल नीरज और कांस्टेबल मनीष टिकरी बॉर्डर पिकेट पर जांच कर रहे थे। इस दौरान एक संदिग्ध कार को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन चालक ने सिग्नल तोड़कर भागने की कोशिश की।

पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए मुख्य रोहतक रोड पर आईओसीएल की दीवार के पास कार को घेरकर रोक लिया। चालक की पहचान सनी निवासी झज्जर, हरियाणा (उम्र 28 वर्ष) के रूप में हुई।

तलाशी में मिला जखीरा
कार की तलाशी लेने पर 21 कार्टन में “For Sale in Haryana Only” लिखा 1050 क्वार्टर अवैध शराब बरामद हुई।

केस दर्ज, जांच जारी
इस संबंध में मुंडका थाने में दिल्ली आबकारी अधिनियम की धारा 33/38/58 के तहत एफआईआर नंबर 351/2026 दर्ज की गई है। आरोपी सनी को गिरफ्तार कर लिया गया है। बरामद शराब और तस्करी में प्रयुक्त कार को कानूनी प्रक्रिया के तहत जब्त कर लिया गया है।

डीसीपी (आउटर डिस्ट्रिक्ट) विक्रम सिंह, आईपीएस ने बताया कि मामले में आगे की जांच जारी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी शराब की इतनी बड़ी खेप कहां से ला रहा था और दिल्ली में किसे सप्लाई करने वाला था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *