नई दिल्ली, 11 जुलाई। दक्षिण जिले की अम्बेडकर नगर थाना पुलिस ने गश्त के दौरान एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी के पास से चोरी की 4 दोपहिया वाहन बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, 9 जुलाई को जी-ब्लॉक, दक्षिणपुरी में गश्त के दौरान टीम ने एक व्यक्ति को संदिग्ध हालत में टीवीएस मोपेड धकेलते हुए देखा। कागजात मांगने पर वह कोई जवाब नहीं दे पाया। जांच में मोपेड चोरी का निकला, जिस पर e-FIR No. 015590/26 थाना अम्बेडकर नगर में दर्ज थी।
पूछताछ में आरोपी की पहचान मोहम्मद कासिम उर्फ गुल्ली (29), निवासी दक्षिणपुरी के रूप में हुई। निशानदेही पर पुलिस ने दो हीरो स्प्लेंडर और एक होंडा एक्टिवा समेत 3 और वाहन बरामद किए। ये वाहन अम्बेडकर नगर, तिगड़ी और महरौली इलाके से चोरी किए गए थे।
आरोपी ने बताया कि वह नशे की लत पूरी करने के लिए रिहायशी इलाकों से खड़ी बाइक चुराता था। वह पहले भी वाहन चोरी के मामलों में शामिल रहा है।
यह कार्रवाई SHO दलिप कुमार के नेतृत्व में HC धरम सिंह, HC राहुल मलिक, HC अनूप और सिपाही गिरिराज की टीम ने ACP सी.आर. पार्क के पर्यवेक्षण में की।
डीसीपी साउथ अनंत मित्तल ने बताया कि आरोपी से आगे पूछताछ जारी है।