दिल्ली पुलिस उत्तर-पश्चिम जिले की एंटी-नारकोटिक्स स्क्वाड ने दिल्ली औषधि नियंत्रण विभाग के सहयोग से जहांगीर पुरी में सक्रिय बड़े नशा सिंडिकेट का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने रातभर चले अभियान में एक ही परिवार के चार सगे भाई-बहनों पारो, ऊषा, कांता और अमित को गिरफ्तार किया है, जो साइकोट्रोपिक दवाओं का अवैध कारोबार कर रहे थे। इसके पास से एडनॉक-एन टेबलेट (ब्यूप्रेनॉर्फिन 2 mg + नालोक्सोन 0.5 mg),एविल इंजेक्शन,सिरिंज/सुई,नकद राशि,सोने के आभूषण,चांदी के आभूषण,अचल संपत्ति के कागजात,वाहन आदि बरामद हुए हैं। सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट और ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस ने एक रात में चार ठिकानों पर छापेमारी की जिसमें पहली रेड – मकान नंबर डी-177 में सूत्र की निशानदेही पर पारो और उषा को पकड़ा गया। मकान से कांता भी मिली। तलाशी में 1300 एडनॉक-एन टेबलेट, 310 एविल इंजेक्शन, 652 सिरिंज और 1,25,080 रुपये नकद बरामद हुए। तीनों बहनों को मौके पर गिरफ्तार किया गया। दूसरी रेड डी-191 ग्राउंड फ्लोर पर उषा की निशानदेही पर रसोई से 25 एविल इंजेक्शन मिले। तीसरी रेड डी-191 के फर्स्ट फ्लोर पर हुई आरोपियों ने बताया कि यह ठिकाना उनके साथी सचिन उर्फ चाणक्य का है। ताला तोड़कर तलाशी ली गई तो 400 एविल इंजेक्शन, 1880 सिरिंज और 63,000 रुपये मिले। फिलहाल सचिन फरार है और चौथी रेड डी-178 पर हुई जहां पारो ने बताया कि यह मकान उसके भाई अमित का है। यहां से 20,14,420 रुपये नकद, 241 ग्राम सोना और 2.4 किलो चांदी के गहने मिले। अमित को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में सामने आया कि पारो इस सिंडिकेट की मास्टरमाइंड है। उसके नाम पर 25-25 गज के 11 फ्लैटों के कागजात मिले हैं जिनकी कीमत 12 से 15 लाख रुपये प्रति फ्लैट है। अमित के नाम पर नई टीवीएस एनटॉर्क स्कूटी भी अपराध से अर्जित संपत्ति के तौर पर जब्त की गई है।
पुलिस के अनुसार यह गिरोह लंबे समय से दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में नशे की खेप सप्लाई कर रहा था। बरामद नकदी और गहने नशे के अवैध कारोबार से कमाई गई संपत्ति है।
थाना जहांगीर पुरी में एफआईआर नंबर 377/2026, दिनांक 22.06.2026 को एनडीपीएस एक्ट की धारा 22/25/29 के तहत मामला दर्ज किया गया है। फरार आरोपी सचिन उर्फ चाणक्य उर्फ कालू और सिंडिकेट के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है। पुलिस सप्लाई चेन और फाइनेंशियल लिंक खंगाल रही है।
डीसीपी आकांक्षा यादव, आईपीएस ने बताया कि नशे के खिलाफ जिले में लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इस कार्रवाई से इलाके में सक्रिय संगठित नशा तस्करी नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है।