दिल्ली पुलिस की साइबर ठगों पर बड़ी कार्रवाई:आरोपी के खाते में ठगी के 98,001 रुपये ट्रेस हुए हैं और उसका खाता 6 साइबर अपराध शिकायतों से जुड़ा मिला

नई दिल्ली, 17 अक्टूबर। पश्चिमी जिले के मायापुरी थाना पुलिस ने केरल से एक साइबर ठगी के आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खाते में ठगी के 98,001 रुपये ट्रेस हुए हैं और उसका खाता 6 साइबर अपराध शिकायतों से जुड़ा मिला है।

क्या था मामला –
6 जून 2026 को थाना मायापुरी में ई-एफआईआर नं. 310/2026 धारा 318(4)/61(2) बीएनएस के तहत केस दर्ज हुआ था। एक महिला ने शिकायत दी थी कि उसके केनरा बैंक के ज्वाइंट अकाउंट से 98,001 और 98,002 रुपये के दो अनधिकृत ट्रांजेक्शन कर कुल 1,96,003 रुपये निकाल लिए गए हैं।

डीसीपी पश्चिमी जिले हर्षेश्वर वी. स्वामी के निर्देशन में इंस्पेक्टर मोहिंदर लाल, एसएचओ मायापुरी और एसीपी इंद्रराज सिंह मीणा की देखरेख में एसआई रोबिन खटाना, सिपाही पुनीत और अनिल की टीम ने जांच शुरू की।

बैंक रिकॉर्ड और नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) की जांच में पता चला कि 98,001 रुपये कोझिकोड, केरल निवासी राजू नाम के व्यक्ति के सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के खाते में ट्रांसफर हुए हैं।

सूचना पर टीम केरल के कोझिकोड पहुंची और 43 वर्षीय आरोपी राजू को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि वह कमीशन के बदले अपने बैंक खातों को साइबर ठगी की रकम लेने के लिए इस्तेमाल करने देता था और बाद में कैश निकाल कर किसी अनजान व्यक्ति को दे देता था।

पुलिस ने आरोपी को नियमानुसार गिरफ्तार कर लिया है। शेष रकम और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *