नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस के पाक्षिक कार्यक्रम ‘दिल्ली पुलिस न्यूज़ लाइन’ का नवीनतम अंक प्रकाशित हो गया है। इस अंक में दिल्ली पुलिस की गौरवशाली उपलब्धियों, जन-जागरूकता अभियानों और अपराध नियंत्रण में मिली बड़ी सफलताओं को प्रमुखता से स्थान दिया गया है।
लीड स्टोरी: गर्व और शौर्य के साथ मनाया कमिश्नरेट दिवस
इस अंक की लीड स्टोरी कमिश्नरेट दिवस परेड रही। किंग्सवे कैंप स्थित न्यू पुलिस लाइंस (NPL) में दिल्ली पुलिस ने पूरे गर्व और अनुशासन के साथ कमिश्नरेट डे परेड का आयोजन किया। परेड में दिल्ली पुलिस की कार्यकुशलता, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा की झलक देखने को मिली। वरिष्ठ अधिकारियों ने जवानों के मनोबल और सेवा भावना की सराहना की।
नशे के खिलाफ बड़ा संदेश: कर्तव्य पथ पर गूंजा जागरूकता का स्वर
वहीं, दूसरा प्रमुख आकर्षण पखवाड़ा भर चला “नशा मुक्त भारत पखवाड़ा-2026” रहा। नशे के विरुद्ध जन-जागरूकता के इस महा-अभियान का समापन कर्तव्य पथ, इंडिया गेट पर एक भव्य म्यूजिकल कॉन्सर्ट के साथ हुआ। इस कॉन्सर्ट के माध्यम से युवाओं को नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवन अपनाने का संदेश दिया गया। हजारों की संख्या में लोगों ने इस अभियान में भाग लिया।
अपराध पर करारा प्रहार: सात बड़ी सफलताएं
इसके अलावा इस अंक में दिल्ली पुलिस के विभिन्न जिलों और यूनिट्स द्वारा की गई उल्लेखनीय कार्रवाईयों और कुछ सॉफ्ट स्टोरीज को भी शामिल किया गया है –
- मध्य जिले की बड़ी कामयाबी: अंतरराज्यीय जबरन वसूली गैंग का पर्दाफाश। हाई-प्रोफाइल फिरौती और फायरिंग के मामले में आरोपियों को गिरफ्तार कर सनसनीखेज वारदात का खुलासा किया।
- स्पेशल सेल का बड़ा एक्शन: पाक स्थित शाहजाद भट्टी नेटवर्क द्वारा संचालित 2 मॉड्यूल का भंडाफोड़, 6 ऑपरेटिव गिरफ्तार।
- दक्षिण जिले ने तोड़ी ड्रग तस्करी की कमर: अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़, लगभग 9 करोड़ रुपये मूल्य की 8.598 किलोग्राम उच्च गुणवत्ता वाली चरस बरामद।
- रोहिणी जिले की तकनीकी स्ट्राइक: हाई-टेक अंतरराष्ट्रीय और अंतरराज्यीय चोरी के मोबाइल फोन सिंडिकेट का पर्दाफाश, लगभग 1 करोड़ रुपये के 325 हाई-एंड चोरी के मोबाइल फोन बरामद।
- दक्षिण-पश्चिम जिले की साइबर प्रहार: जामताड़ा, देवघर (झारखंड) और दिल्ली-एनसीआर से संचालित हो रहे 26 लाख रुपये से अधिक की साइबर धोखाधड़ी में लिप्त कई मॉड्यूल का भंडाफोड़।
- स्पेशल सेल की दोहरी सफलता: हैरी बॉक्सर-अनिल पंडित सिंडिकेट के इशारे पर एक ही दिन हुई 2 वारदातों की गुत्थी सुलझाई।
- EOW यूनिट का शिकंजा: 4.17 करोड़ रुपये के फनटास्टिक कैफे पोंजी फ्रेंचाइजी फ्रॉड का पर्दाफाश।